जालंधर में चर्चित सी.ए. और पत्नी पर डी.सी. का नाम इस्तेमाल कर 46.18 लाख की ठगी के आरोप, दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज
जालंधर: शहर के एक चर्चित चार्टर्ड अकाउंटेंट (सी.ए.) और उसकी पत्नी पर जिला प्रशासन के नाम का इस्तेमाल कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले में जालंधर पुलिस को दो अलग-अलग शिकायतें सौंपी गई हैं, जिनमें कुल 46 लाख 18 हजार रुपये की ठगी का आरोप लगाया गया है। एक शिकायत जालंधर देहात पुलिस के पास दर्ज करवाई गई है, जबकि दूसरी शिकायत कमिश्नरेट पुलिस जालंधर को दी गई है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है।
जालंधर देहात पुलिस में दर्ज शिकायत में लोहियां खास स्थित जोसन अस्पताल के डॉक्टर गुरिन्द्र सिंह जोसन ने आरोप लगाया है कि संबंधित सी.ए. पिछले कई वर्षों से उनके अस्पताल का टैक्सेशन और अकाउंट से जुड़ा पूरा काम संभाल रहा था। डॉक्टर के अनुसार, सी.ए. हर साल अस्पताल के कथित गोपनीय रिकॉर्ड और टैक्स से जुड़े मामलों का हवाला देकर उनसे करीब 8 लाख रुपये लेता रहा और यह कहता था कि यह राशि टैक्सेशन विभाग में जमा करवाई जा रही है।
डॉ. जोसन ने बताया कि करीब चार वर्षों में यह रकम 32 लाख रुपये तक पहुंच गई, जिसके बाद उन्हें संदेह हुआ। जब उन्होंने संबंधित विभाग से जानकारी ली तो सामने आया कि अस्पताल के सभी रिकॉर्ड सही हैं और किसी भी प्रकार का अतिरिक्त टैक्स बनता ही नहीं था। डॉक्टर का आरोप है कि जब उन्होंने इस बारे में सी.ए. से सवाल किया तो उसने उल्टा उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। शिकायत के अनुसार टैक्सेशन विभाग और अधिकारियों के नाम का इस्तेमाल कर उनके साथ धोखाधड़ी की गई।
वहीं, दूसरा मामला कमिश्नरेट पुलिस जालंधर के पास दर्ज हुआ है। अर्बन एस्टेट फेज-1 निवासी कारोबारी सतविन्द्र जोसन ने सी.ए. और उसकी पत्नी पर 14 लाख 18 हजार रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। सतविन्द्र जोसन का कहना है कि उनका एक मामला एम.एस.एम.ई. विभाग से संबंधित था, जो डी.सी. कार्यालय में लंबित चल रहा था।
आरोप है कि इस दौरान सी.ए. और उसकी पत्नी ने दावा किया कि उनके डी.सी. जालंधर हिमांशु अग्रवाल के साथ करीबी संबंध हैं और वे आसानी से उनका काम करवा सकते हैं। इसी बहाने उनसे लाखों रुपये ऐंठ लिए गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों शिकायतों की गंभीरता से जांच की जा रही है। तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।