Saturday, 07 November 2026
Entertainment
आदमपुर में अनोखी चोरी: 3 दिन बाद बॉक्स में वापस मिली दिव्यांग टाइपिस्ट की मशीन, साथ मिला 2 पन्नों का प्रेम पत्र!
आदमपुर में अनोखी चोरी: 3 दिन बाद बॉक्स में वापस मिली दिव्यांग टाइपिस्ट की मशीन, साथ मिला 2 पन्नों का प्रेम पत्र!
आदमपुर: आदमपुर सब-तहसील के बाहर टाइपिस्ट का काम करने वाले दिव्यांग सुरिंदर कुमार उर्फ मक्खन के साथ हुई चोरी की घटना ने अब एक अनोखा मोड़ ले लिया है। काम करने की जगह से चोरी हुई उनकी टाइपिंग मशीन तीन दिन बाद एक बॉक्स में पैक मिली। लेकिन सबसे ज्यादा हैरानी उस समय हुई, जब मशीन के साथ बॉक्स में दो पन्नों का प्रेम पत्र भी मिला।
जानकारी के अनुसार, सुरिंदर कुमार पिछले कई वर्षों से तहसील के बाहर टाइपिंग का काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। 3 नवंबर को उनकी टाइपिंग मशीन काम करने की जगह से चोरी हो गई थी। इसके बाद उन्होंने आदमपुर पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी।
शुक्रवार को उन्हें सूचना मिली कि उनकी टेबल पर एक बॉक्स रखा हुआ है। पुलिस की मौजूदगी में जब बॉक्स खोला गया तो उसमें चोरी हुई टाइपिंग मशीन सुरक्षित रखी मिली। हालांकि, मशीन के साथ उनके नाम लिखा दो पन्नों का प्रेम पत्र भी मिला। पत्र की सामग्री पढ़कर मौके पर मौजूद लोग अपनी हंसी नहीं रोक सके।
पुलिस ने टाइपिंग मशीन सुरिंदर कुमार को वापस सौंप दी। वहीं, प्रेम पत्र के संबंध में उन्होंने किसी भी जानकारी से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि यह शरारत किसने की है।
मशीन वापस मिलने पर सुरिंदर कुमार ने भगवान का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने बताया कि टाइपिंग मशीन ही उनकी रोजी-रोटी का एकमात्र साधन है। इस अनोखी घटना ने इलाके में लोगों के बीच चर्चा छेड़ दी है कि आखिर मशीन चुराने वाला कौन था और उसे प्रेम पत्र के साथ वापस रखने के पीछे क्या वजह थी।
Mera Bharat News | विशेष समाचार