Monday, 16 November 2026
Crime
बस्ती अड्डा में बीड़ी के 5 बोरे चोरी करने का मामला ट्रेस, दो सगे भाई गिरफ्तार; दोनों पर पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
बस्ती अड्डा में बीड़ी के 5 बोरे चोरी करने का मामला ट्रेस, दो सगे भाई गिरफ्तार; दोनों पर पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
जालंधर। बस्ती अड्डा चौक स्थित पेट्रोल पंप के सामने वाली गली में एम.एस. जगन्नाथ एंड सन्स की दुकान से बीड़ियों के 5 बोरे चोरी होने के मामले को थाना नंबर-2 की पुलिस ने ट्रेस कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि दोनों आरोपी हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए थे। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
थाना प्रभारी लखवीर सिंह ने बताया कि दुकान मालिक नवीन नंद पुत्र सुरिंदर पाल निवासी मकान नंबर-63, प्रकाश नगर, मॉडल टाउन के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 30 अक्तूबर को वह रोजाना की तरह देर शाम दुकान बंद करके घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का कुछ हिस्सा उखड़ा हुआ मिला। अंदर जाकर जांच करने पर पता चला कि चोर बीड़ी के पैकेटों से भरे 5 बोरे चोरी करके ले गए हैं।
गांधी वनीता आश्रम के पास से दबोचे दोनों आरोपी
मामले की जांच के लिए ए.एस.आई. बलविंदर सिंह और अन्य पुलिस कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित की गई थीं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल दो युवक गांधी वनीता आश्रम के पास एक खाली प्लॉट में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लव कुमार (35) पुत्र तरसेम लाल और उसके छोटे भाई अरुण, निवासी बूटा मंडी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, लव कुमार के खिलाफ चोरी सहित करीब 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि उसके भाई अरुण के खिलाफ करीब 5 मामले दर्ज हैं।
रात 2:30 बजे उखाड़ा था दुकान का शटर
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ रात करीब 2:30 बजे दुकान का शटर उखाड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी किए गए सामान में से दो बोरे दोनों गिरफ्तार भाइयों के हिस्से में आए थे।
आरोपियों ने कुछ बीड़ियां बेच दी थीं, जबकि बाकी बीड़ियां वर्कशॉप चौक स्थित जलवायु बिहार के पास एक खंडहर दुकान में छिपाकर रखी थीं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उक्त स्थान से बीड़ियों के कुछ पैकेट बरामद कर लिए हैं।
नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे चोरी
एस.एच.ओ. लखवीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के फरार तीन अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।