Saturday, 07 November 2026
Crime
जालंधर के नंगल सलेमपुर में पड़ोसियों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, घर में घुसकर परिवार पर हमला करने के आरोप; कई घायल
जालंधर के नंगल सलेमपुर में पड़ोसियों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, घर में घुसकर परिवार पर हमला करने के आरोप; कई घायल
जालंधर: नंगल सलेमपुर की नई कॉलोनी में पड़ोसियों के बीच हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग उनके घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ जमकर मारपीट की। इस घटना में सुमन कुमार और उनके बेटों समेत परिवार के कई सदस्य घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पीड़ित परिवार के अनुसार, एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों का कहना है कि उक्त युवक पहले हुए सड़क हादसे के कारण शारीरिक रूप से कमजोर था, लेकिन मारपीट के बाद उसकी हालत और बिगड़ गई है। उसे बार-बार बेहोशी आने की शिकायत भी बताई गई है।
10 दिन पहले भी हुआ था विवाद
पीड़ित परिवार का आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच करीब 10 दिन पहले भी कहासुनी हुई थी। उस समय उन्होंने पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन परिवार के मुताबिक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि इसी के बाद दोबारा विवाद हुआ और हमलावरों ने घर में घुसकर परिवार पर हमला कर दिया।
CCTV फुटेज को लेकर भी उठाए सवाल
परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्होंने पुलिस को घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और तस्वीरें उपलब्ध करवाई हैं। साथ ही उन्होंने फुटेज के साथ संभावित छेड़छाड़ की आशंका भी जताई है। परिवार ने मांग की है कि सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की निष्पक्ष जांच करवाई जाए, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
घटना के बाद गांव के सरपंच और अन्य स्थानीय लोग भी पीड़ित परिवार के समर्थन में सामने आए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, आरोपों की गंभीरता से पड़ताल करने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में की गई कार्रवाई का आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है।
Mera Bharat News | जालंधर