ePaper Reading mode

MERA BHARAT NEWS ePaper

Saturday, 07 November 2026

जालंधर में फायरिंग मामले का खुलासा: पार्किंग विवाद नहीं, ड्रग मनी बनी गोलीबारी की वजह; शिकायतकर्ता साहिल गिरफ्तार

जालंधर में फायरिंग मामले का खुलासा: पार्किंग विवाद नहीं, ड्रग मनी बनी गोलीबारी की वजह; शिकायतकर्ता साहिल गिरफ्तार
 

जालंधर में फायरिंग मामले का खुलासा: पार्किंग विवाद नहीं, ड्रग मनी बनी गोलीबारी की वजह; शिकायतकर्ता साहिल गिरफ्तार

जालंधर: नागरा फाटक के साथ लगते गुरु नानक नगर में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस जांच के दौरान नया खुलासा हुआ है। शुरुआती तौर पर जिस घटना को पार्किंग विवाद का नतीजा बताया जा रहा था, पुलिस के अनुसार उसका संबंध ड्रग कारोबार से जुड़े पैसों के लेन-देन से निकला है। पुलिस ने शिकायतकर्ता साहिल को ही मामले में गिरफ्तार कर लिया है।

ए.सी.पी. नॉर्थ करनैल सिंह ने बताया कि शुरुआत से ही साहिल के बयानों में विरोधाभास सामने आ रहे थे। वह लगातार पार्किंग विवाद को फायरिंग की वजह बता रहा था, लेकिन जिस व्यक्ति के साथ कथित तौर पर पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था, उसके बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सी.आई.ए. स्टाफ और थाना नंबर-1 की टीमों ने विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू की। पुलिस जांच के अनुसार, साहिल खुद ड्रग कारोबार में शामिल था और उसका अपने एक पार्टनर के साथ ड्रग मनी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के घर की महिलाओं को फोन कर गाली-गलौज की गई।

पुलिस का दावा है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के व्यक्ति ने दो शूटर भेजकर साहिल की गाड़ी और घर पर फायरिंग करवाई। पुलिस के मुताबिक, साहिल ने कथित ड्रग कारोबार और पैसों के विवाद को छिपाने के लिए शुरुआत में पार्किंग विवाद की कहानी बताई थी। जांच में तथ्यों का खुलासा होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

ए.सी.पी. करनैल सिंह ने बताया कि फायरिंग करने वाले दोनों शूटर्स और उन्हें भेजने वाले साहिल के पार्टनर की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

क्या था पूरा मामला?

बुधवार रात साहिल पुत्र जनक राज निवासी गुरु नानक नगर के घर के बाहर खड़ी गाड़ी पर बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने गोलियां चलाई थीं। इसके बाद आरोपियों ने घर पर भी फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर ए.सी.पी. करनैल सिंह, थाना नंबर-1 की पुलिस और सी.आई.ए. स्टाफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। अगले दिन पुलिस आरोपियों के भागने के संभावित रास्तों का पता लगाते हुए कपूरथला तक पहुंच गई थी।

शुरुआत में साहिल ने पुलिस को पार्किंग विवाद की जानकारी दी थी, जिसके आधार पर थाना नंबर-1 में केस दर्ज किया गया था। अब उसी मामले में जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर साहिल की गिरफ्तारी की गई है।

थाना नंबर-1 के प्रभारी अजमेर लाल ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस फरार शूटर्स और कथित साजिश में शामिल अन्य व्यक्ति की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

Mera Bharat News | जालंधर