Saturday, 28 November 2026
Crime
लिद्दड़ां पुल के नीचे हवाई फायर कर टैक्सी चालक से इटोस कार लूटी, GPS की मदद से 2 घंटे में बरामद हुई गाड़ी
लिद्दड़ां पुल के नीचे हवाई फायर कर टैक्सी चालक से इटोस कार लूटी, GPS की मदद से 2 घंटे में बरामद हुई गाड़ी
तीन बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर दिया वारदात को अंजाम, गाड़ी मालिक ने GPS से इंजन बंद कर रोकी कार
जालंधर: देहाती इलाके में लूटपाट की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला गांव लिद्दड़ां पुल के नीचे का है, जहां वीरवार शाम करीब 6:30 बजे हथियारबंद बदमाशों ने हवाई फायर कर एक टैक्सी चालक से उसकी इटोस कार लूट ली। हालांकि, कार में लगे GPS सिस्टम की मदद से मालिक ने महज दो घंटे के भीतर गाड़ी को सुरक्षित बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, टैक्सी चालक दलजीत सिंह पुत्र हरनेक सिंह निवासी गांव लिद्दड़ां शाम को अपनी गाड़ी लेकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान वह लिद्दड़ां फ्लाईओवर के नीचे गोलगप्पे खाने के लिए रुका। आरोप है कि तभी एक युवक वहां पहुंचा और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर कर दिया। इसके बाद पिस्तौल दिखाकर उसकी इटोस कार छीन ली। बताया जा रहा है कि इस वारदात में कुल तीन युवक शामिल थे।
पीड़ित के मुताबिक, लुटेरे कुछ किलोमीटर आगे जाने के बाद उसका मोबाइल फोन रास्ते में फेंक गए, ताकि उनकी लोकेशन ट्रेस न हो सके।
उधर, कार मालिक वरिंदर अंगुराल निवासी बस्ती दानिशमंदा को जैसे ही लूट की सूचना मिली, उन्होंने कार में लगे GPS सिस्टम के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस करनी शुरू कर दी। वरिंदर अंगुराल के अनुसार, कार में आधुनिक GPS सिस्टम लगा हुआ था। ढिलवां टोल प्लाजा से कुछ दूरी पहले जब गाड़ी की रफ्तार 20 किलोमीटर प्रति घंटा से कम हुई तो उन्होंने GPS सिस्टम के माध्यम से इंजन बंद कर दिया, जिससे कार वहीं रुक गई।
घटना की सूचना तुरंत थाना मकसूदां पुलिस को दी गई। इसके बाद एएसआई सतनाम सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और टोल प्लाजा से कुछ दूरी पर खड़ी कार को कब्जे में लेकर थाना मकसूदां ले आए।
पुलिस को घटनास्थल के पास से फायरिंग में इस्तेमाल किए गए कारतूस का खोल भी बरामद हुआ है। पुलिस अब लूट की जगह पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मामले की आगामी जांच जारी है।