Thursday, 12 November 2026
Crime
लुधियाना में घूरने से मना करने पर युवक की बेरहमी से हत्या, तलवारों से किए ताबड़तोड़ वार; 3 आरोपी गिरफ्तार
लुधियाना में घूरने से मना करने पर युवक की बेरहमी से हत्या, तलवारों से किए ताबड़तोड़ वार; 3 आरोपी गिरफ्तार
लुधियाना: महानगर के थाना डाबा क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। सड़क पर खड़े युवकों को घूरने से मना करना एक साइकिल सवार को इतना महंगा पड़ा कि उसे अपनी जान गंवानी पड़ी। आरोप है कि करीब आधा दर्जन युवकों ने पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की और फिर गंभीर हालत में मोटरसाइकिल पर बैठाकर सुनसान जगह ले गए, जहां तलवारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
दूध लेने घर से निकला था परमजीत सिंह
मृतक की पहचान मोहल्ला महिंदर नगर निवासी परमजीत सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर की सुबह करीब 5 बजे परमजीत सिंह साइकिल पर दूध लेने के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार को चिंता हुई। बाद में इलाके के लोगों से पता चला कि बापू मार्केट के पास कुछ युवकों को घूरने से मना करने पर विवाद हो गया था।
बताया जा रहा है कि करीब आधा दर्जन युवकों ने परमजीत सिंह को घेर लिया और उनकी तलाशी लेने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान परमजीत सिंह मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन हमलावरों ने उनकी एक नहीं सुनी।
चाहल रोड पर तलवारों से किया हमला
आरोप है कि आसपास के लोगों के हस्तक्षेप करने पर हमलावर गंभीर रूप से घायल परमजीत सिंह को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर चाहल रोड की तरफ ले गए। वहां सुनसान जगह पर उन पर तलवारों से ताबड़तोड़ वार किए गए। खून से लथपथ और बेहोश होने के बाद आरोपी उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और परमजीत सिंह को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
CCTV फुटेज से तीन आरोपी गिरफ्तार
थाना डाबा पुलिस ने मृतक की पत्नी अमनदीप कौर के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जतिन शर्मा निवासी ईशर नगर, लविश कुमार निवासी गुरु गोबिंद सिंह नगर और रोहित कुमार निवासी सुखदेव नगर के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जतिंदर कुमार के मुताबिक, तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल तलवारों की बरामदगी और फरार तीन अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक की पत्नी अमनदीप कौर के अनुसार, परमजीत सिंह पहले घोड़ा-रेहड़ा चलाकर परिवार का गुजारा करते थे। कुछ साल पहले सड़क हादसे में घायल होने के बाद वह छोटा-मोटा काम करके परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।