ePaper Reading mode

MERA BHARAT NEWS ePaper

Wednesday, 25 November 2026

मखदूमपुरा में तेजधार हथियारों से हमला कर युवक की हत्या, पुराने विवाद में दो गुटों के बीच खूनी झड़प

मखदूमपुरा में तेजधार हथियारों से हमला कर युवक की हत्या, पुराने विवाद में दो गुटों के बीच खूनी झड़प
 

मखदूमपुरा में तेजधार हथियारों से हमला कर युवक की हत्या, पुराने विवाद में दो गुटों के बीच खूनी झड़प

जालंधर: शहर के मखदूमपुरा इलाके में देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब तेजधार हथियारों से लैस युवकों ने एक युवक पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान लक्की खोखा के रूप में हुई है, जो इलाके में इसी नाम से जाना जाता था।

जानकारी के अनुसार, लक्की अपने घर के पास एक किरयाने की दुकान पर खड़ा था। इसी दौरान तेजधार हथियारों से लैस कुछ युवक वहां पहुंचे और उसे घेरकर हमला कर दिया। हमले में लक्की गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

घायल युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर-4 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक के भाई ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के भाई मनमोहन सिंह ने आरोप लगाया कि उसका भाई खाना खाने के बाद घर के बाहर दुकान पर खड़ा था। इसी दौरान शिवसेना नेता नरेंद्र थापर का बेटा रामकिशन अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। भाई के अनुसार, हमले में करीब दो दर्जन युवक शामिल थे और लक्की पर पीछे से वार किए गए।

मनमोहन सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि उनके परिवार का पहले से ही दूसरे पक्ष के साथ विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि छोटे भाई को कथित तौर पर नशे की ओर धकेलने के मामले को लेकर उन्होंने पहले थाना नंबर-4 में शिकायत दी थी और अदालत में भी केस दायर किया हुआ था। परिवार का आरोप है कि इससे पहले भी उन्हें धमकियां मिल चुकी थीं।

पुराने विवाद को लेकर पुलिस कर रही जांच

दूसरी ओर, एसीपी बराड़ ने बताया कि थाना नंबर-4 की पुलिस को मखदूमपुरा में दो गुटों के बीच तेजधार हथियारों से हमला होने की सूचना मिली थी। घायल युवक को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एसीपी के अनुसार, दोनों गुटों के बीच पुराना विवाद चल रहा था। मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर नामजद एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।