ePaper Reading mode

MERA BHARAT NEWS ePaper

Tuesday, 24 November 2026

नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, मेयर विनीत धीर के साथ बैठक में 15 में से अधिकांश मांगों पर बनी सहमति

नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, मेयर विनीत धीर के साथ बैठक में 15 में से अधिकांश मांगों पर बनी सहमति

नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, मेयर विनीत धीर के साथ बैठक में 15 में से अधिकांश मांगों पर बनी सहमति

जालंधर (विकास मौदगिल): नगर निगम यूनियन के एक पक्ष द्वारा भर्ती और स्टाफिंग से जुड़ी 15 प्रमुख मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ लगाया गया धरना आखिरकार समाप्त हो गया। कर्मचारियों ने पिछले 19 तारीख से हड़ताल शुरू की हुई थी। मंगलवार को मेयर विनीत धीर के साथ हुई बैठक के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने का ऐलान किया।

धरने के दौरान कर्मचारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। वहीं, मामले को लेकर मेयर विनीत धीर ने बताया कि सभ्रवाल यूनियन की मांगों को लेकर पिछले 2 से 3 दिनों से लगातार बैठकें चल रही थीं। यूनियन की 15 मांगों में से 10 से 11 मांगों को स्वीकार कर लिया गया है, जबकि बाकी मांगों पर बातचीत जारी है।

मेयर ने बताया कि कर्मचारियों से हड़ताल समाप्त कर बातचीत के जरिए मसले का समाधान निकालने की अपील की गई थी। इस संबंध में पिछली बैठक करीब 3 से 4 घंटे तक चली, जिसमें अधिकांश मांगों पर सहमति बनी। उन्होंने उम्मीद जताई कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े शेष मुद्दों का भी जल्द समाधान कर लिया जाएगा।

1196 कर्मचारियों की भर्ती की फाइल मंजूर होने का दावा

ठेका भर्ती के मुद्दे पर मेयर ने कहा कि करीब 35 वर्षों के बाद पहली बार 1196 कर्मचारियों की भर्ती से संबंधित फाइल को आम आदमी पार्टी सरकार के प्रयासों से मंजूरी मिली है। उन्होंने कहा कि इन पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। मेयर के अनुसार, नई भर्ती होने से नगर निगम में कर्मचारियों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिए गए हैं और हड़ताल समाप्त होने के बाद शहर में सफाई व्यवस्था को दोबारा सुचारू किया जाएगा। मेयर ने शहरवासियों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही कूड़े की लिफ्टिंग और सफाई व्यवस्था को सामान्य कर दिया जाएगा।

चंदन ग्रेवाल ने हड़ताल खत्म होने की पुष्टि की

धरना समाप्त होने के बाद एससी कमीशन के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने बताया कि कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी है। उन्होंने कहा कि 19 तारीख से चल रही हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने सतगुरु गुरु नानक देव जी के पर्व के अवसर पर भी सफाई व्यवस्था बनाए रखने में योगदान दिया, जिसके लिए उन्होंने कर्मचारियों का आभार जताया।

ग्रेवाल ने बताया कि मेयर विनीत धीर के साथ हुई बैठक में कर्मचारियों की मांगों को लिखित रूप में पूरा करने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये मुद्दे पंजाब सरकार से संबंधित न होकर मुख्य रूप से नगर निगम की स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था और कर्मचारियों की समस्याओं से जुड़े थे। मेयर और निगम कमिश्नर ने इन समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया है।

ग्रेच्युटी और वेतन बढ़ोतरी को लेकर भी फैसला

चंदन ग्रेवाल ने बताया कि कर्मचारियों की सैलरी में बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा वर्ष 2004 के बाद से ग्रेच्युटी का लाभ नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया गया था। उनके अनुसार, पंजाब सरकार की ओर से इस संबंध में पत्र जारी कर कर्मचारियों की मांग को स्वीकार किया गया है और संबंधित कर्मचारियों को पत्र दिए जा रहे हैं।

रोस्टर सिस्टम के मुद्दे पर ग्रेवाल ने कहा कि इसे पूरी तरह समाप्त नहीं किया जा सकता, लेकिन कर्मचारियों को इसमें उचित राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि 16 कर्मचारियों को जल्द नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। वहीं, 1196 कर्मचारियों की भर्ती से संबंधित फाइल पास होने की बात भी बैठक में सामने आई। मेयर ने इस संबंध में कर्मचारियों को दस्तावेज भी दिखाए।

बैठक के बाद यूनियन की ओर से हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया गया। अब शहरवासियों को उम्मीद है कि नगर निगम की सफाई व्यवस्था जल्द पटरी पर लौटेगी और सड़कों व सार्वजनिक स्थानों पर जमा कूड़े की समस्या से राहत मिलेगी।