ePaper Reading mode

MERA BHARAT NEWS ePaper

Tuesday, 24 November 2026

नशे की ओवरडोज ने ली 20 वर्षीय युवक की जान, परिवार का इकलौता सहारा छिना; पुलिस चौकी के पास नशे की बिक्री के आरोप

नशे की ओवरडोज ने ली 20 वर्षीय युवक की जान, परिवार का इकलौता सहारा छिना; पुलिस चौकी के पास नशे की बिक्री के आरोप

नशे की ओवरडोज ने ली 20 वर्षीय युवक की जान, परिवार का इकलौता सहारा छिना; पुलिस चौकी के पास नशे की बिक्री के आरोप

पट्टी (विकास मौदगिल): पंजाब में नशे का कहर लगातार परिवारों को उजाड़ रहा है। ताजा मामला तरनतारन जिले के विधानसभा हलका पट्टी के गांव तूत से सामने आया है, जहां कथित तौर पर नशीले पदार्थ की ओवरडोज के कारण 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मृतक की पहचान प्रितपाल सिंह पुत्र सुखमन सिंह निवासी गांव तूत के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, प्रितपाल के पिता का कुछ साल पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में उसकी मां, चाचा सुखदेव सिंह रौंकी और बड़ा भाई हैं। उसका बड़ा भाई किसी मामले में जेल में बंद है, ऐसे में प्रितपाल अपनी मां के साथ घर पर रह रहा था।

मृतक के चाचा सुखदेव सिंह रौंकी ने आरोप लगाया कि बीती देर रात प्रितपाल ने गांव की एक गली में स्थित घर से कथित तौर पर नशीला पदार्थ खरीदा था। इसके बाद वह घर के बाथरूम में चला गया, जहां उसने इंजेक्शन के जरिए नशा किया। परिजनों के मुताबिक, नशे की ओवरडोज के कारण उसकी जान चली गई।

पुलिस चौकी की नजदीकी के बावजूद नशे की बिक्री पर सवाल

इस घटना के बाद मृतक के चाचा ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि घटनास्थल से महज 500 मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी मौजूद है, इसके बावजूद इलाके में कथित तौर पर नशीले पदार्थों की बिक्री जारी है। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस चौकी के इतने नजदीक नशे का कारोबार कैसे चल रहा है।

सुखदेव सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना देने को लेकर भी परिवार में निराशा है। उनके अनुसार, कार्रवाई न होने की आशंका के चलते उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी नहीं दी।

20 वर्षीय युवक की मौत ने एक बार फिर सीमावर्ती जिले में नशे की समस्या और इसके खिलाफ कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यह देखना अहम होगा कि पुलिस प्रशासन मामले का संज्ञान लेकर कथित नशा तस्करी के आरोपों की जांच करता है या नहीं।