Monday, 16 November 2026
Crime
पंजाब का खजाना जनता की भलाई के लिए हमेशा खुला रहेगा, विपक्ष योजनाएं बंद होने के सपने देखना छोड़े: मुख्यमंत्री भगवंत मान
पंजाब का खजाना जनता की भलाई के लिए हमेशा खुला रहेगा, विपक्ष योजनाएं बंद होने के सपने देखना छोड़े: मुख्यमंत्री भगवंत मान
गुरदासपुर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने के सपने देखना छोड़ देना चाहिए। उनकी सरकार पंजाब के लोगों की भलाई के लिए सरकारी खजाने का एक-एक पैसा खर्च करने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछली सरकारों ने अपने खजाने भरने का काम किया, जबकि मौजूदा सरकार जनता का पैसा जनता की भलाई पर खर्च कर रही है।
गांव सोहल में आयोजित 'लोक मिलनी' कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने मुफ्त बिजली, 71,700 से अधिक सरकारी नौकरियां और किसानों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने गांव सोहल के विकास के लिए 51 लाख रुपये की ग्रांट देने की भी घोषणा की।
मुफ्त बिजली, सरकारी नौकरियां और नहरी पानी सरकार की उपलब्धियां: मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पूरी तरह योग्यता के आधार पर बिना रिश्वत और भ्रष्टाचार के 71,777 सरकारी नौकरियां दी हैं। पहले युवाओं को सरकारी नौकरी पाने के लिए सिफारिश और भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब योग्य उम्मीदवार अपनी प्रतिभा के आधार पर रोजगार हासिल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार मुफ्त बस यात्रा, आम आदमी क्लीनिक, सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और महिलाओं को आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं को जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विपक्ष को चुनौती दी कि वह अपने शासनकाल के दौरान किए गए कार्यों का हिसाब जनता को दे।
नहरी पानी का इस्तेमाल 22 प्रतिशत से बढ़कर 85-86 प्रतिशत हुआ
कृषि क्षेत्र का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 में आप सरकार बनने से पहले पंजाब में सिंचाई के लिए नहरी पानी का इस्तेमाल लगभग 22 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 85 से 86 प्रतिशत तक पहुंच गया है। सरकार इसे 90 प्रतिशत तक ले जाने के लिए प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष पंजाब से राष्ट्रीय पूल में करीब 200 लाख मीट्रिक टन चावल का योगदान होने की उम्मीद है। यह बेहतर सिंचाई व्यवस्था और किसानों तक नहरी पानी पहुंचने का परिणाम है।
सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने पास की नीट परीक्षा
शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए भगवंत मान ने कहा कि वर्ष 2022 में सत्ता संभालने के समय पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में 27वें स्थान पर था, जबकि अब राज्य ने बुनियादी शिक्षा में पहला स्थान हासिल किया है।
उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा पास की है, जबकि वर्ष 2021 में यह संख्या केवल 80 थी। शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए फिनलैंड, सिंगापुर और आईआईएम जैसे संस्थानों में भेजा जा रहा है। स्कूल ऑफ एमिनेंस के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
54 लाख परिवारों को जारी हुए मुख्यमंत्री सेहत योजना के कार्ड
स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में लगभग 65 लाख पात्र परिवारों में से 54 लाख परिवारों को मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने शेष पात्र परिवारों से जल्द कार्ड बनवाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत करीब 650 निजी अस्पताल भी शामिल किए जा चुके हैं, ताकि लोगों को कैशलेस उपचार की सुविधा मिल सके।
कांग्रेस और अकाली दल पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के नेता पंजाब के विकास से जुड़े मुद्दों को उठाने के बजाय आपसी मतभेदों और नेतृत्व की लड़ाई में उलझे हुए हैं। उन्होंने सवाल किया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने राज्य की प्रगति के लिए क्या कदम उठाए?
अकाली दल पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने बेअदबी की घटनाओं और बादल परिवार के राजनीतिक रुख पर सवाल उठाए। उन्होंने भाजपा के साथ अकाली दल के संभावित गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि किसान आंदोलन के दौरान तीन कृषि कानूनों के कारण किसानों को लंबा संघर्ष करना पड़ा और इस दौरान लगभग 750 किसानों की जान चली गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा और अकाली दल को पंजाब के किसानों के सामने अपने राजनीतिक रुख को स्पष्ट करना चाहिए।
पंजाब में खुलेंगे यूपीएससी कोचिंग सेंटर
युवाओं के भविष्य को लेकर मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि पंजाब सरकार राज्यभर में यूपीएससी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग सेंटर स्थापित करेगी। इसका उद्देश्य युवाओं को आईएएस और आईपीएस अधिकारी बनने के लिए बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं को सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी के लिए दूसरे राज्यों में जाने या भारी-भरकम फीस खर्च करने की मजबूरी नहीं होनी चाहिए। सरकार राज्य में ही गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध करवाना चाहती है।
'रंगला पंजाब' बनाने का किया आह्वान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार का उद्देश्य पंजाब के तीन करोड़ लोगों के सुख-दुख में शामिल होना और प्रत्येक वर्ग की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने लोगों से शहीद-ए-आजम भगत सिंह के आदर्शों पर चलने और सामूहिक प्रयासों से खुशहाल पंजाब बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जनता का प्यार और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है तथा सरकार आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अपने प्रयास जारी रखेगी।