Monday, 09 November 2026
Business
पंजाब के राजपुरा में कर्मभूमि एक्सप्रेस में लगी आग, इंजन से पांचवें कोच तक पहुंची लपटें, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
पंजाब के राजपुरा में कर्मभूमि एक्सप्रेस में लगी आग, इंजन से पांचवें कोच तक पहुंची लपटें, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
राजपुरा: पंजाब के राजपुरा में आज दोपहर एक बड़ा रेल हादसा होते-होते बचा, जब अमृतसर से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में अचानक आग लग गई। घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से बाहर निकलने लगे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग ट्रेन के इंजन से पांचवें कोच तक पहुंचने की सूचना है। घटना की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई।
रेलवे और दमकल विभाग की टीमें मौके पर रवाना
आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और दमकल विभाग को अलर्ट कर दिया गया। संबंधित अधिकारियों और राहत टीमों को मौके पर भेजा गया। आग पर काबू पाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रयास शुरू किए गए।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे की ओर से किसी यात्री के हताहत होने या घायल होने को लेकर भी आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
चलती ट्रेन में आग लगने की इस घटना ने रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने के बाद ही घटना से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।