ePaper Reading mode

MERA BHARAT NEWS ePaper

Friday, 13 March 2026

पंजाब खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन बने गगनदीप सिंह काकू अहलुवालिया, चंडीगढ़ में संभाला पदभार

पंजाब खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन बने गगनदीप सिंह काकू अहलुवालिया, चंडीगढ़ में संभाला पदभार

चंडीगढ़, 12 मार्च:

पंजाब खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड के नव-नियुक्त चेयरमैन गगनदीप सिंह काकू अहलुवालिया ने गुरुवार को चंडीगढ़ स्थित बोर्ड के मुख्य कार्यालय में अपना पदभार संभाल लिया। इस मौके पर माननीय मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. राजबीर सिंह घूमण ने उन्हें औपचारिक रूप से चार्ज दिलवाया और बधाई दी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, विधायक इंद्रजीत कौर मान, मेयर वनीत धीर, पंजाब एग्रो के स्टेट चेयरमैन मंगल सिंह बसी, मुस्लिम विकास बोर्ड के स्टेट चेयरमैन अब्दुल बारी सलमानी सहित कई सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं। सभी ने नए चेयरमैन को फूलों के गुलदस्ते भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

पदभार ग्रहण करने के बाद आयोजित बैठक में बोर्ड द्वारा पूरे प्रदेश में चल रही योजनाओं और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान रमणदीप सिंह ने खादी संस्थाओं के माध्यम से चल रही ग्राम विकास योजनाओं और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के बारे में जानकारी साझा की।

अपने संबोधन में चेयरमैन गगनदीप सिंह अहलुवालिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब में खादी और ग्रामोद्योग क्षेत्र को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करता है।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की सोच के प्रतीक के रूप में खादी केवल वस्त्र नहीं बल्कि आत्मनिर्भरता, स्वदेशी और ग्रामीण विकास की विचारधारा का प्रतीक है। ग्रामीण उद्योगों को बढ़ावा देकर राज्य के समग्र विकास को गति दी जा सकती है।

चेयरमैन ने बताया कि वर्ष 2016-17 से 2025-26 के बीच बोर्ड द्वारा कई नए यूनिट स्थापित कर हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है और लाभार्थियों को सब्सिडी के माध्यम से वित्तीय सहायता भी दी गई है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण और युवाओं को स्वरोजगार की ओर प्रेरित करना बोर्ड की प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस अवसर पर वाइस चेयरमैन पवन हंस ने कहा कि बोर्ड की योजनाएं युवाओं को नई दिशा दे रही हैं और खादी व ग्रामोद्योग के विस्तार के लिए बोर्ड पूरी तरह प्रतिबद्ध है। चेयरमैन के निजी सहायक अर्पित गुप्ता ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं कार्यालय के सुपरिंटेंडेंट देवेंद्र सिंह ने बताया कि युवाओं के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे, ताकि उन्हें PMEGP के तहत स्वरोजगार से जोड़ा जा सके। कार्यक्रम का संचालन सीनियर कंसल्टेंट अमित चोपड़ा ने किया।

अंत में बोर्ड के अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने नए चेयरमैन को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।