ePaper Reading mode

MERA BHARAT NEWS ePaper

Wednesday, 11 November 2026

पंजाब में भीषण सड़क हादसा: पुल से नीचे गिरी PRTC की बस, 3 यात्रियों की मौत, 15 घायल

पंजाब में भीषण सड़क हादसा: पुल से नीचे गिरी PRTC की बस, 3 यात्रियों की मौत, 15 घायल

पंजाब में भीषण सड़क हादसा: पुल से नीचे गिरी PRTC की बस, 3 यात्रियों की मौत, 15 घायल

सुबह करीब 4:30 बजे संगरूर से रवाना हुई थी बस, 10 गंभीर घायलों को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल किया गया रेफर

संगरूर: पंजाब में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। संगरूर से यात्रियों को लेकर रवाना हुई पंजाब रोडवेज की पी.आर.टी.सी. बस ओवरब्रिज के पास अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 12 से 15 यात्री घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, पी.आर.टी.सी. की बस सुबह करीब 4:30 बजे संगरूर से यात्रियों को लेकर निकली थी। रास्ते में ओवरब्रिज के पास अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बस पुल से टकराते हुए नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 10 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय इलाके में धुंध नहीं थी और मौसम साफ था। शुरुआती जानकारी में बस की तेज रफ्तार को दुर्घटना का संभावित कारण बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों के बयानों और शुरुआती जांच में चालक द्वारा बस से नियंत्रण खोने की बात सामने आई है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।