Thursday, 12 November 2026
Crime
पार्किंग विवाद ने लिया खूनी रूप: पड़ोसी ने सीनियर कॉर्पोरेट अधिकारी को गोलियों से भूना, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
पार्किंग विवाद ने लिया खूनी रूप: पड़ोसी ने सीनियर कॉर्पोरेट अधिकारी को गोलियों से भूना, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी। सेक्टर-21C में सीनियर कॉर्पोरेट एग्जीक्यूटिव परमजीत धनखड़ की उनके पड़ोसी ने सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात का CCTV फुटेज सामने आने के बाद घटना की भयावहता उजागर हुई है।
जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे परमजीत धनखड़ और उनके पड़ोसी मोहन शर्मा के बीच पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। CCTV फुटेज में आरोपी मोहन शर्मा को परमजीत से बातचीत करते हुए देखा जा सकता है। उस समय परमजीत का बेटा शौर्य भी पास में मौजूद था।
आरोप है कि बातचीत के दौरान मोहन शर्मा ने अचानक अपनी पिस्तौल निकाली और परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने के बावजूद परमजीत जान बचाने के लिए इमारत से बाहर की ओर भागे, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा किया और दोबारा गोलियां चलाईं।
'दीवाली मुबारक हो' कहते हुए की फायरिंग
CCTV फुटेज में आरोपी को परिवार के सदस्यों के साथ अपशब्दों का इस्तेमाल करते और कथित तौर पर 'दीवाली मुबारक हो' कहते हुए भी सुना जा सकता है। पुलिस के अनुसार, वारदात में करीब 14 से 16 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से 8 से 9 गोलियां परमजीत को लगीं।
परिजन गंभीर रूप से घायल परमजीत को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की उम्र 42 वर्ष बताई जा रही है और वह सिंगापुर स्थित एक मल्टीनेशनल कंपनी में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थे।
आरोपी गिरफ्तार, चार अन्य लोगों के नाम भी FIR में
पुलिस ने आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल आरोपी की लाइसेंसी थी। इस मामले में दर्ज FIR में चार अन्य लोगों के नाम भी शामिल किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि मामूली पार्किंग विवाद किस तरह जानलेवा हिंसा में बदल सकता है।