Thursday, 12 November 2026
Crime
PCS मेंस परीक्षा में कथित धांधली के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा का प्रदर्शन, पंजाब सरकार का पुतला फूंका
PCS मेंस परीक्षा में कथित धांधली के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा का प्रदर्शन, पंजाब सरकार का पुतला फूंका
जिला अध्यक्ष साहिल शर्मा की अध्यक्षता में सैकड़ों युवाओं ने किया प्रदर्शन, डीसी को सौंपा ज्ञापन; CBI जांच की मांग
जालंधर: पंजाब PCS मेंस परीक्षा-2025 के परिणाम में कथित अनियमितताओं के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा जालंधर शहरी की ओर से जिला अध्यक्ष साहिल शर्मा की अध्यक्षता में डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के बाहर जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सैकड़ों युवा कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। प्रदर्शन के बाद डिप्टी कमिश्नर के माध्यम से पंजाब सरकार को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की CBI जांच करवाने की मांग की गई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष साहिल शर्मा ने कहा कि पंजाब PCS मेंस परीक्षा-2025 के परिणाम को लेकर कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने वाले बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इसके अलावा एक ही परीक्षा कक्ष में सीरियल वाइज 10 से 12 परीक्षार्थियों के चयन और कुछ अनुपस्थित अभ्यर्थियों के भी चयनित होने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इन शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सरीन ने कहा कि पंजाब के लाखों युवाओं का भविष्य प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता से जुड़ा हुआ है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह युवाओं के मन में उठ रहे सवालों का जवाब दे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाए। उन्होंने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे को लेकर आवाज उठाता रहेगा।
उन्होंने बताया कि इसी मांग को लेकर पूरे पंजाब में जिला मुख्यालयों पर रोष प्रदर्शन किए गए और डिप्टी कमिश्नरों के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपे गए हैं।
CBI जांच की मांग
भाजपा युवा मोर्चा ने मांग की कि पंजाब PCS मेंस परीक्षा-2025 के परिणाम को लेकर सामने आई कथित अनियमितताओं की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से निष्पक्ष जांच करवाई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और योग्य अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनीष विज, जिला प्रभारी संजीव शर्मा तथा प्रदेश युवा मोर्चा से पंकज जुल्का, याजीत हुरिया और पंकज लूथरा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला युवा मोर्चा से सूर्या मिश्रा, वरुण दुबे, हरप्रीत सिंह, साहिल चोपड़ा, चिराग डांग, गौतम लूथर, शिवम चोपड़ा, नितिन पाठक, नीरज गुप्ता, संदीप कुमार, राजा, अंकुश अग्निहोत्री, गोपी, विशाल, हरनेक सिंह, बाबू अरोड़ा, विशाल वर्मा और हिमांशु बब्बर सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।