Tuesday, 24 November 2026
Crime
रामा मंडी में रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, धमाकों की आवाज से दहशत में आए लोग
रामा मंडी में रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, धमाकों की आवाज से दहशत में आए लोग
जालंधर (Vikas Moudgil): जालंधर के रामा मंडी इलाके में ढिलवां चौक के पास निरंकारी ढाबे के सामने स्थित एक रेस्टोरेंट में सोमवार रात अचानक भीषण आग लग गई। आग के दौरान रेस्टोरेंट के अंदर से धमाकों की आवाजें सुनाई देने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग सहम गए।
जानकारी के मुताबिक, उक्त रेस्टोरेंट आम आदमी पार्टी के वार्ड नंबर 8 के पार्षद अमरदीप किन्नू संदल के चचेरे भाई अमन संदल का बताया जा रहा है। आग रेस्टोरेंट की बिल्डिंग की पहली मंजिल पर लगी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने देर रात तक आग पर काबू पाने के लिए प्रयास जारी रखे। वहीं, रामा मंडी थाना और दकोहा चौकी की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।
पार्षद के बड़े भाई विशु संदल के अनुसार, आगजनी की इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। गौरतलब है कि जिस इमारत में रेस्टोरेंट स्थित है, उसकी ग्राउंड फ्लोर पर एक डेंटल क्लीनिक भी चल रहा है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभागों की जांच के बाद ही आग लगने के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
MERA BHARAT NEWS | MB News Network