Thursday, 12 November 2026
Crime
श्री अकाल तख्त साहिब का बड़ा फैसला: भाई जगजीत सिंह बबीहा और भाई कुलविंदर सिंह खरड़ के कीर्तनी जत्थों पर एक महीने की रोक
श्री अकाल तख्त साहिब का बड़ा फैसला: भाई जगजीत सिंह बबीहा और भाई कुलविंदर सिंह खरड़ के कीर्तनी जत्थों पर एक महीने की रोक
अमृतसर: श्री अकाल तख्त साहिब ने भाई जगजीत सिंह बबीहा और भाई कुलविंदर सिंह खरड़ के कीर्तनी जत्थों को एक महीने तक संगत में कीर्तन करने से रोक दिया है। यह प्रतिबंध 13 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक लागू रहेगा।
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के आदेश पर यह कार्रवाई दोनों कीर्तनी जत्थों के बीच लंबे समय से चल रहे आपसी विवाद और सचिवालय में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर की गई है।
एक महीने तक गुरमति की शिक्षा लेंगे दोनों कीर्तनी
सचिवालय श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रतिबंध की अवधि के दौरान दोनों कीर्तनी गुरमति की शिक्षा और प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
इसके तहत भाई जगजीत सिंह बबीहा शहीद सिख मिशनरी कॉलेज, अमृतसर में प्रशिक्षण लेंगे, जबकि भाई कुलविंदर सिंह खरड़ गुरमति संगीत अकादमी, श्री आनंदपुर साहिब में शिक्षा प्राप्त करेंगे।
लंगर हॉल में सुबह-शाम करनी होगी सेवा
आदेश में दोनों को नम्रता और सेवा भावना विकसित करने के उद्देश्य से प्रतिदिन सुबह और शाम लंगर हॉल में सेवा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रमाण पत्र लेकर अकाल तख्त सचिवालय में होंगे पेश
एक महीने का प्रशिक्षण और सेवा पूरी करने के बाद दोनों कीर्तनी संबंधित संस्थानों से प्रमाण पत्र प्राप्त करेंगे। इसके बाद उन्हें व्यक्तिगत रूप से श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में पेश होना होगा।
इस फैसले के जरिए श्री अकाल तख्त साहिब ने दोनों जत्थों के बीच चल रहे विवाद के समाधान और गुरमति मर्यादा, नम्रता तथा सेवा भावना को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है।