जालंधर के तंग शेखा बाजार में प्रधानगी को लेकर दो कारोबारी गुटों के बीच विवाद हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर 4 की पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार शेखा बाजार की मशीना वाली गली में एसोसिएशन की बैठक चल रही थी, जहां नए प्रधान के चुनाव को लेकर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान प्रधान सचदेवा अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बहसबाजी धीरे-धीरे हाथापाई तक पहुंच गई। हालांकि पुलिस के मौके पर पहुंचते ही दोनों पक्ष शांत हो गए।
मामले संबंधी जानकारी देते हुए एएसआई संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस को बाजार में झगड़े की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
वहीं कारोबारी कुलभूषण धवन ने आरोप लगाया कि मौजूदा प्रधान का कार्यकाल समाप्त हो चुका था और नया प्रधान चुना जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सचदेवा ने अपने साथियों के साथ मिलकर शाम शॉल के मालिक मोंटू के साथ मारपीट की, जिसके बाद मामला और गरमा गया।
घटना की सूचना मिलने पर दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान बाजार में लगे प्रधानगी से जुड़े बोर्ड भी फाड़ दिए गए, जिससे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया। पुलिस फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
