जालंधर, 8 मई : पंजाब सरकार की नशा विरोधी ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम के तहत पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज स्थानीय बस्ती नौ से नशों के खिलाफ जागरूकता वाहन को रवाना किया।
इस मौके पर संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ शुरू की गई मुहिम के तहत नशा मुक्ति मोर्चा द्वारा इस जागरूकता वाहन की शुरुआत की गई है। इसके माध्यम से दो दिनों तक विधानसभा हलका वेस्ट के प्रत्येक वार्ड में पहुंचकर लोगों को नशों की बुराई के खिलाफ जागरूक और संगठित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नशों को जड़ से खत्म करने के लिए दृढ़ संकल्पित है और इसी प्रतिबद्धता के तहत नशा तस्करों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जहां बड़ी संख्या में नशा तस्करों को जेल भेजा है, वहीं नशे की दलदल में फंसे युवाओं के पुनर्वास के लिए भी व्यापक प्रयास किए हैं।
श्री भगत ने कहा कि नशों के पूर्ण खात्मे के लिए पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही मुहिम लोगों के सहयोग से जन आंदोलन का रूप ले रही है और इस बुराई को खत्म करने के लिए लोग स्वयं आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है, जिसे समाज के हर वर्ग के सहयोग से जड़ से समाप्त किया जाएगा।
इस अवसर पर ए.सी.पी. जालंधर वेस्ट आतिश भाटिया, नायब तहसीलदार गुरसिमरन सिंह, दोआबा इंचार्ज नशा मुक्ति मोर्चा अतीन अग्निहोत्री, संजीव भगत, संगठन इंचार्ज वेस्ट हरचरण सिंह संधू, काउंसलर हरजिंदर लाडा, वाइस प्रधान नशा मुक्ति मोर्चा शैंकी भगत, चाहत कौर, कुमकुम, नीरज शर्मा, मोनू भगत, कुलदीप भगत, वरुण सज्जन ब्लॉक प्रधान, जैरथ काका और क्षेत्रवासी भी उपस्थित थे।