जालंधर : शहर के न्यू हरदेव नगर इलाके में पिछले कई दिनों से सीवरेज जाम की समस्या के कारण स्थानीय लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। गली में सीवरेज का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे इलाके में रहने वाले लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
मोहल्ला निवासी सुखजीत सिंह डिंपी ने बताया कि उनकी गली में पिछले चार से पांच दिनों से सीवरेज जाम है, जिसके कारण गंदा पानी सड़कों पर जमा हो रहा है। इससे आने-जाने में भी लोगों को काफी दिक्कत हो रही है।
उन्होंने बताया कि इस समस्या के बारे में नगर निगम जालंधर के मेयर वनीत धीर, इलाके के पार्षद जतिंदर जिंद, वार्ड इंचार्ज हरमिंदर कौर बेबी और आम आदमी पार्टी के ब्लॉक प्रधान सुच्चा सिंह को भी अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
मोहल्ला निवासियों के अनुसार इलाके में करीब 15 साल पुराने सीवरेज पाइप लगे हुए हैं, जो अब जर्जर हो चुके हैं। इसके अलावा करीब 40 के आसपास अवैध क्वार्टर बन जाने से आबादी भी बढ़ गई है, जिससे सीवरेज सिस्टम पर दबाव बढ़ गया है और यह बार-बार जाम हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर निगम अधिकारियों को इस समस्या के बारे में शिकायत दी है, लेकिन आज तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया। लगातार गंदा पानी सड़कों पर बहने से इलाके में बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है। इसको लेकर मोहल्ला निवासियों में नगर निगम प्रशासन और सरकार के खिलाफ भारी रोष पाया जा रहा है।