चंडीगढ़/लुधियाना: पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर शनिवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने छापेमारी की। जानकारी के अनुसार सेक्टर-2 स्थित सरकारी कोठी पर ईडी अधिकारी करीब 20 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी।
सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई हाल ही में मोहाली के खरड़ इलाके में हुई ईडी की रेड से जुड़ी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि जांच कुछ बिल्डरों और प्रॉपर्टी लेन-देन से जुड़े मामलों को लेकर की जा रही है। हालांकि ईडी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी संजीव अरोड़ा के लुधियाना स्थित ठिकानों पर ईडी की टीम कार्रवाई कर चुकी है। अब एक बार फिर चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर रेड होने से पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
सूत्रों के अनुसार ईडी अधिकारी आवास के अंदर दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की गहन जांच कर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है। मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है।