तरनतारन: सीआईए स्टाफ तरनतारन की पुलिस ने एक अफ्रीकी महिला को 3 किलो हेरोइन और वैगन-आर कार समेत गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सीआईए स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि एक विदेशी महिला सीमावर्ती इलाके में हेरोइन की खेप लेने पहुंची हुई है। सूचना मिलते ही एसएसपी सुरिंदर लांबा ने जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया।
इसके बाद बाईपास के पास नाकाबंदी की गई, जहां पुलिस ने उत्तर प्रदेश नंबर की एक वैगन-आर कार को रुकने का इशारा किया। कार एक महिला चला रही थी। तलाशी लेने पर वाहन से 3 किलो हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार महिला की पहचान बेला निवासी डेल्टा स्टेट, जोम्बा, नाइजीरिया (अफ्रीका) और वर्तमान निवासी संडे बाजार, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला भारत काम सीखने के लिए आई थी, लेकिन बाद में वह नशा तस्करी के नेटवर्क में शामिल हो गई। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि वह पहले सीमावर्ती इलाकों से कितनी बार हेरोइन की खेप लेकर जा चुकी है।
मामले को लेकर दोपहर में एसएसपी सुरिंदर लांबा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा कर सकते हैं।