• Sunday, 24 May 2026
Logo Logo
Advertisement
वतन की खातिर सबसे अधिक कुर्बानियां देने वाले पंजाबियों पर देश विरोधी होने का ठप्पा लगा रही है भाजपा - मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

09 May 2026 | 114 Views

वतन की खातिर सबसे अधिक कुर्बानियां देने वाले पंजाबियों पर देश विरोधी होने का ठप्पा लगा रही है भाजपा - मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

वतन की खातिर सबसे अधिक कुर्बानियां देने वाले पंजाबियों पर देश विरोधी होने का ठप्पा लगा रही है भाजपा - मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

मालवा क्षेत्र में पहुंची ‘शुक्राना यात्रा’

पंजाब की भाईचारे की मजबूत डोर तोड़ने की साजिश रच रही हैं सांप्रदायिक पार्टियां, नापाक मंसूबे सफल नहीं होने देंगे - मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

पहले ये सांप्रदायिक लोग किसी राज्य में दो समुदायों के बीच फूट डालते हैं, फिर एक समुदाय के पक्ष में खड़े होकर दूसरे को डराकर वोट लेते हैं - मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

जैसे ही बंगाल में भाजपा की सरकार बनी, वहां डर और भय का माहौल बन गया, अब वही साजिश पंजाब में रची जा रही है - मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

देश के आजादी आंदोलन में आरएसएस का कोई योगदान नहीं, आरएसएस ने 52 साल तक अपने मुख्यालय पर तिरंगा नहीं फहराया - मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

विपक्षी पार्टियां पंजाब को लूटने का एक और मौका मांग रही हैं, लेकिन पंजाब के लोग उन्हें सत्ता में नहीं बल्कि जेल में भेजेंगे - मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

बेअदबी मामलों में अब मानसिक रोगी होने का बहाना नहीं चलेगा, संरक्षण देने वालों और साजिशकर्ताओं को भी उम्रकैद और 50 लाख रुपये तक जुर्माना होगा - मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

‘शुक्राना यात्रा’ के तीसरे दिन बठिंडा से रवाना होकर मुख्यमंत्री ने श्री दमदमा साहिब में माथा टेका

बठिंडा, 8 मई

चार दिवसीय ‘शुक्राना यात्रा’ के तीसरे दिन मालवा क्षेत्र में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भारतीय जनता पार्टी और सांप्रदायिक ताकतों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भगवा पार्टी पंजाबियों को देश विरोधी साबित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा वोटों की राजनीति के लिए पंजाब की सदियों पुरानी भाईचारे की परंपरा को तोड़ने की गहरी साजिश रच रही है।

मुख्यमंत्री ने आज बठिंडा से यात्रा की शुरुआत की और श्री दमदमा साहिब में माथा टेका। विभिन्न स्थानों पर लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि पश्चिम बंगाल में शुरू की गई “डर और विभाजन की राजनीति” अब पंजाब में लागू करने की साजिश रची जा रही है, जहां सांप्रदायिक ताकतें समाज का ध्रुवीकरण कर सत्ता हासिल करने के लिए समुदायों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी और एकता के लिए सबसे अधिक बलिदान देने वाले पंजाबी ऐसी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेअदबी मामलों में शामिल लोगों, उनके संरक्षकों और साजिशकर्ताओं को अब नए कानून के तहत सख्त सजा दी जाएगी, जिसमें उम्रकैद और 50 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।

तलवंडी साबो, बठिंडा शहर और कोटशमीर में विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाबियों से राज्य की शांति, भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की रक्षा के लिए विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में सांप्रदायिक राजनीति को कभी सफल नहीं होने दिया जाएगा।

“पंजाब पंजाबियों का है” का नारा देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग भाईचारे को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, वे पंजाब के दुश्मन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने महाराष्ट्र, हरियाणा, बिहार, उत्तर प्रदेश और बंगाल में विभाजनकारी राजनीति के जरिए सत्ता हासिल की, लेकिन पंजाब में ऐसी साजिशें कभी सफल नहीं होंगी क्योंकि यहां लोग हर त्योहार मिलजुल कर मनाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सांप्रदायिक पार्टियां पंजाब के सामाजिक ताने-बाने को तोड़ने की साजिश कर रही हैं और उनके नापाक एजेंडे को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये पार्टियां चुनावी लाभ के लिए समुदायों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करना चाहती हैं।

पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद वहां हालात बदतर हो गए हैं और लोगों के घर जलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले भाजपा दो समुदायों के बीच तनाव पैदा करती है, फिर एक के पक्ष में खड़ी होकर दूसरे को डराकर वोट हासिल करती है।

राष्ट्रवाद के मुद्दे पर आरएसएस और भाजपा पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि आरएसएस ने 52 वर्षों तक अपने मुख्यालय पर तिरंगा नहीं फहराया, फिर भी आज वे दूसरों को देशभक्ति के प्रमाण पत्र बांट रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाबियों ने आजादी की लड़ाई में सबसे ज्यादा कुर्बानियां दी हैं और उन्हें किसी से देशभक्ति का प्रमाण लेने की जरूरत नहीं।

1947 के विभाजन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस त्रासदी में पंजाब ने सबसे ज्यादा दर्द सहा और लगभग 10 लाख पंजाबियों ने अपनी जान गंवाई। उन्होंने कहा कि आज वही लोग पंजाबियों की देशभक्ति पर सवाल उठा रहे हैं जिन्होंने देश के लिए कोई बलिदान नहीं दिया।

विपक्षी नेताओं पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुनील जाखड़ जैसे नेताओं को आत्ममंथन करने की जरूरत है क्योंकि वे एक आम परिवार के बेटे को मुख्यमंत्री बनकर ईमानदारी से पंजाब की सेवा करते नहीं देख सकते।

कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दलों ने दशकों तक पंजाब को लूटा और जनता की भलाई की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि अब लोग इन पार्टियों को सत्ता में नहीं बल्कि जेल में भेजेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक श्रद्धालु सिख होने के नाते उन्होंने श्री आनंदपुर साहिब स्थित तख्त श्री केसगढ़ साहिब में माथा टेकने के बाद ‘शुक्राना यात्रा’ शुरू की, ताकि “जगत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन एक्ट-2026” लागू करने का अवसर मिलने पर ईश्वर का धन्यवाद कर सकें।

उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक कानून बेअदबी की घटनाओं को रोकने में मील का पत्थर साबित होगा और दोषियों को कड़ी सजा दिलाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अब “मानसिक रोगी” होने का बहाना बनाकर कोई भी आरोपी सजा से नहीं बच सकेगा। ऐसे मामलों में सहयोग करने वालों और साजिश रचने वालों को भी उम्रकैद और भारी जुर्माने का सामना करना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया भर से लोग इस कानून के लिए खुशी जाहिर कर रहे हैं और उन्हें धन्यवाद देने के लिए रोजाना फोन आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस कानून का विरोध केवल अपने राजनीतिक स्वार्थों के कारण कर रहे हैं क्योंकि उन्हें डर है कि वे अपने पुराने अपराधों के कारण जेल जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने कभी ऐसा कानून बनाने की ईमानदार कोशिश नहीं की क्योंकि वे नहीं चाहती थीं कि बेअदबी के दोषी जेल जाएं। अकाली नेताओं पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने बाबा नानक के नाम पर वोट मांगे, लेकिन बेअदबी मामलों में दोषियों को बचाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और 65 हजार से अधिक युवाओं को बिना भ्रष्टाचार सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य में सड़कें और बुनियादी ढांचा मजबूत किया जा रहा है और कई टोल प्लाजा बंद किए गए हैं, जिससे लोगों की रोजाना लगभग 70 लाख रुपये की बचत हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2022 में जब आम आदमी पार्टी की सरकार बनी थी तब सिंचाई के लिए केवल 21 प्रतिशत नहरी पानी इस्तेमाल होता था, जबकि अब यह बढ़कर लगभग 68 प्रतिशत हो गया है और धान सीजन तक इसे 85 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने लगभग 14 हजार किलोमीटर पाइपलाइनें बिछाई हैं और किसानों की सिंचाई जरूरतों को पूरा करने के लिए 21 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा गया है।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि सरकार ने “मावां धीआं सत्कार योजना” शुरू की है, जिसके तहत पंजाब की महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपये और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।

इसके अलावा उन्होंने “मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना” का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य के 65 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा रहे हैं, जिनके जरिए हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार जनता से किए गए हर वादे को पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्यभर में आम आदमी क्लीनिक खोले गए हैं, सरकारी स्कूलों और अस्पतालों को उन्नत किया जा रहा है और किसानों व घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली दी जा रही है।

एक्स (पूर्व ट्विटर) पर साझा किए गए संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री दमदमा साहिब में माथा टेककर उन्हें आध्यात्मिक शक्ति मिली और भारी गर्मी के बावजूद लोगों का मिला प्यार उनके लिए आशीर्वाद है।

उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की कृपा से सरकार बेअदबी रोकने के लिए सख्त कानून लागू करने में सफल हुई है और अब कोई भी दोषी सजा से बच नहीं सकेगा। अंत में उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पंजाब की तरक्की, भाईचारे और गुरु साहिब की मर्यादा की रक्षा के लिए पूरी तरह समर्पित है।

Published on: 09 May 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News