You are currently viewing पंजाब में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, RDX आधारित IED के साथ एक गिरफ्तार

पंजाब में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, RDX आधारित IED के साथ एक गिरफ्तार

पंजाब में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, RDX आधारित IED के साथ एक गिरफ्तार

आईएसआई की अमृतसर में हमले की साजिश का पर्दाफाश, स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल की कार्रवाई

पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। राज्य के खुफिया विभाग और स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) की संयुक्त कार्रवाई में राहुल कुमार उर्फ गज्जू को पकड़ा गया। उसके कब्जे से RDX आधारित इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

आरोपी ने सुरक्षा एजेंसियों को गुमराह करने के लिए IED को पीवीसी पाइप में छिपाया था, ताकि उस पर किसी को संदेह न हो।

पाकिस्तान से जुड़े हैंडलर के इशारे पर काम

डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक सैलून में सहायक के रूप में काम करता था। वह पाकिस्तान में बैठे अपने विदेशी हैंडलर के निर्देशों पर काम कर रहा था।

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने शहर के बाहर एक तय स्थान से विस्फोटक सामग्री की खेप उठाई और उसे छिपाकर रखने की कोशिश की।

खुफिया इनपुट पर बिछाया गया जाल

एसएसओसी के एआईजी मुखविंद्र सिंह के अनुसार, एजेंसियों को इनपुट मिला था कि पाकिस्तान से एक बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम देने के लिए IED भेजी गई है। इसी सूचना के आधार पर ट्रैप लगाया गया और आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी 2022 में अपने विदेशी हैंडलर के संपर्क में आया था, जब वह पंजाब दौरे पर आया था। दोनों के बीच एन्क्रिप्टेड मोबाइल एप के जरिए संपर्क बना हुआ था। आरोपी को कथित तौर पर पैसों का लालच देकर इस नेटवर्क में फंसाया गया।

पुलिस रिमांड पर आरोपी

गिरफ्तार आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल है तथा इसका संभावित निशाना क्या था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी वारदात टल गई और राज्य में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में सफलता मिली है।