बठिंडा से खरीदी लॉटरी ने बदली हिमाचल के कैब चालक की किस्मत, जीते 3 करोड़ रुपये
बठिंडा/कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के एक कैब चालक की किस्मत उस समय बदल गई, जब बठिंडा से खरीदा गया पंजाब स्टेट डियर समर स्पेशल बंपर लॉटरी टिकट उसे करोड़पति बना गया। कैब चालक कल्याण चंद ने लॉटरी में 3 करोड़ रुपये का पहला पुरस्कार जीतकर अपने परिवार के सपनों को नई उड़ान दे दी है।
जानकारी के अनुसार, कल्याण चंद कुछ दिन पहले एक यात्री को छोड़ने के लिए बठिंडा आए थे। इसी दौरान उन्होंने एक ही नंबर के A और B सीरीज के दो लॉटरी टिकट खरीदे। इनमें से एक टिकट पर 3 करोड़ रुपये का पहला इनाम निकल आया। पुरस्कार जीतने के बाद बठिंडा पहुंचे कल्याण चंद ने इसे अपने परिवार के लिए सपने के सच होने जैसा बताया।
उन्होंने कहा कि सबसे पहले वह अपने दिवंगत पिता का सपना पूरा करेंगे। इसके तहत अपने गांव सताना में स्थित पुराने दो कमरों वाले सराय (धर्मशाला) का पुनर्निर्माण करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में तीन बच्चे हैं। बेटी बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ रही है, जबकि दोनों बेटे 12वीं कक्षा पास कर चुके हैं। पुरस्कार राशि का बड़ा हिस्सा बच्चों की उच्च शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य के लिए खर्च किया जाएगा।
कल्याण चंद के बड़े बेटे गौरव ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने करीब छह वर्ष पहले 12वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और परिवार की मदद के लिए एक सैलून में काम शुरू कर दिया था। वहीं, छोटा बेटा हाल ही में 12वीं पास कर आगे की पढ़ाई की तैयारी कर रहा है।
उधर, विजेता टिकट बेचने वाले एजेंट ने भी खुशी जताते हुए कहा कि उनके द्वारा बेचा गया टिकट 3 करोड़ रुपये का पुरस्कार जीतने वाला निकला, जो उनके लिए भी गर्व की बात है। कल्याण चंद की पत्नी ने बताया कि परिवार ने अब तक इस खबर को गुप्त रखा था, लेकिन पुरस्कार की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद अब वे अपने रिश्तेदारों और शुभचिंतकों के साथ इस खुशी को साझा करेंगे।