जालंधर : शहर के जालंधर हाइट्स फ्लैट्स में संदिग्ध परिस्थितियों में Cambridge School की 14 वर्षीय छात्रा भूविका की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार छात्रा ने छठी मंजिल से छलांग लगा दी। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने लिखा है कि वह दो पेपरों में फेल हो गई है और इसके लिए माफी चाहती है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा स्कूल से पैदल निकली और ऑटो लेकर जालंधर हाइट्स पहुंची, जहां वह अपने एक मित्र से मिलने गई थी। वहां पहुंचकर वह सिक्योरिटी गार्ड से फ्लैट का पता पूछती रही। इसके बाद वह लिफ्ट के जरिए सातवीं मंजिल पर पहुंची, जहां उसने एक आर्मी अधिकारी की पत्नी से सीढ़ी ली और कुछ देर वहीं बैठी रही।
पुलिस के मुताबिक छठी मंजिल पर एक नौकरानी ने छात्रा को देखा, लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने नीचे छलांग लगा दी।
पुलिस ने इस मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। परिजनों का कहना है कि बच्ची पर किसी तरह का बाहरी दबाव नहीं था, लेकिन वह पढ़ाई को लेकर मानसिक रूप से परेशान थी।
परिवार ने बिल्डिंग की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सिक्योरिटी गार्ड ने छात्रा के अकेले आने और स्कूल से निकलने की जानकारी की जांच नहीं की। उधर, स्कूल के कोच का फोन बाद में आया, लेकिन तब तक यह दुखद घटना हो चुकी थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और परिवार को हर पहलू से जानकारी दी जा रही है।