जालंधर में बीच सड़क खूनी झड़प, युवक पर सीवरेज ढक्कन से हमला; बहन से भी मारपीट का आरोप
जालंधर: शहर के बाबू जगजीवन चौक (भईया मंडी चौक) में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ युवकों के बीच हुई कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि बस्ती गुजा क्षेत्र से आए कुछ युवकों ने एक युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पीड़ित युवक के अनुसार वह दवाई लेने के लिए चौक पर आया था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और सीवरेज चैंबर का ढक्कन उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया। हमले में युवक को गंभीर चोटें आईं।
घटना का शोर सुनकर पीड़ित की बहन और भाई मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़िता युवती ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके कपड़े फाड़ दिए और उसे गोली मारने की धमकी भी दी।
युवती ने कुछ आरोपियों पर नशे के अवैध कारोबार में शामिल होने का भी आरोप लगाया। हालांकि पुलिस ने नशे से जुड़े आरोपों की पुष्टि नहीं की है और उन्हें खारिज किया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चौक पर करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा चलता रहा, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस काफी देर से मौके पर पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।
घटना के दौरान एक महिला ने दावा किया कि झगड़े में शामिल एक युवक उसका दामाद है, जिसने प्रेम विवाह किया था और वह पहले भी उसकी बेटी के साथ मारपीट कर चुका है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।