महानगर में सैर करने निकलने वाले लोगों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला मल्हार रोड स्थित हैप्पी फोर्जिंग पार्क के पास का है, जहां सैर करके बाहर निकले एक व्यक्ति को दो शातिर लुटेरों ने निशाना बनाया। हालांकि, इस बार लुटेरों की कोशिश नाकाम रही और जनता की सतर्कता के चलते दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, राहुल शर्मा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 12 मार्च की शाम वह मल्हार रोड स्थित पार्क में सैर करने के बाद बाहर निकला ही था कि अचानक दो अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने उसकी गर्दन पर तेजधार चाकू रख दिया और जान से मारने की धमकी देकर उसकी जेबों की तलाशी लेने लगे।
पीड़ित के अनुसार, बदमाश जबरन उससे 1000 रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज छीनकर बिना नंबर वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर फरार होने लगे। इसी दौरान राहुल शर्मा ने साहस दिखाते हुए शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तुरंत घेराबंदी कर दी और दोनों आरोपियों को मौके पर ही काबू कर लिया।
गुस्साई भीड़ ने दोनों बदमाशों को पकड़कर तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जसपाल सिंह और आकाशदीप सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से बिना नंबर वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और लूटा गया पर्स बरामद कर लिया है, जिसमें 1000 रुपये नकद मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और यह जांच की जा रही है कि उन्होंने शहर में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।