प्रेस एसोसिएशन ऑफ स्टेट की पंजाब स्तरीय बैठक संपन्न, पंजाब इकाई का पुनर्गठन
जालंधर, 10 अगस्त।
प्रेस एसोसिएशन ऑफ स्टेट की पंजाब स्तरीय बैठक जालंधर में पंजाब प्रधान जगजीत सिंह डोगरा और जालंधर जिला प्रधान राजेश थापा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पंजाब के विभिन्न जिलों से पहुंचे पत्रकारों ने भाग लिया और पत्रकारिता के दौरान आने वाली चुनौतियों, सुरक्षा संबंधी मुद्दों तथा पत्रकारों के अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान संगठन की पंजाब इकाई का पुनर्गठन भी किया गया। सर्वसम्मति से जगजीत सिंह डोगरा को लगातार तीसरी बार प्रेस एसोसिएशन ऑफ स्टेट का पंजाब प्रधान चुना गया। इस अवसर पर पत्रकारों के हितों की रक्षा और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पंजाब प्रधान जगजीत सिंह डोगरा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज को जागरूक करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में फील्ड में कार्यरत पत्रकारों को कई प्रकार की कठिनाइयों और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, जिनके समाधान के लिए संगठन गंभीरता से प्रयास करेगा।
उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों की आवाज को मजबूती प्रदान करना और उनके हितों की रक्षा करना है। समाचार कवरेज के दौरान आने वाली प्रशासनिक अड़चनों, सुरक्षा संबंधी चुनौतियों और अन्य समस्याओं को सरकार तथा प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की पत्रकारिता करने का आह्वान भी किया।
बैठक के दौरान पंजाब इकाई की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें जगजीत सिंह डोगरा को पंजाब प्रधान, डी.एन. मौदगिल को महासचिव और रोहित सिद्धू को संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया। इसके अलावा मुख्तार सिंह बाठ को चेयरमैन, सतीश शर्मा को सचिव, अशोक शर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अतिंदर पाल सिंह को वाइस चेयरमैन, पंकज सोनी, रमेश भगत, मोहम्मद कलीम आजाद, नरेंद्र सिंह और आर.एस. ठाकुर को उपाध्यक्ष बनाया गया।
नई कार्यकारिणी में अजय कोहली, बिट्टू ओबेरॉय, गुरवीर सिंह, संदीप शर्मा और दीपक शर्मा को सलाहकार नियुक्त किया गया। शिव कुमार को प्रेस सचिव, जसपाल कैन्थ को संयुक्त सचिव, मोहम्मद रफीक आजाद (एडवोकेट) को कानूनी सलाहकार, सुभाष गोरिया को वाइस चेयरमैन तथा रमेश गाबा को कैशियर की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा करने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। उपस्थित पत्रकारों ने भी प्रेस की स्वतंत्रता, सुरक्षा और सम्मान बनाए रखने के लिए संगठन के साथ मिलकर कार्य करने का भरोसा व्यक्त किया।
इस अवसर पर रमेश गाबा, विकास मौदगिल, अमरजीत सिंह, दविंदर सिंह, सुभाष सोंधी, राजीव धामी, बलराज सिंह, त्रिलोक साहिल, गौरव गोयल, ज्योति प्रकाश सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।