शहर के पॉश इलाके हरचरण नगर स्थित शिंगार सिनेमा रोड पर उस समय सनसनी फैल गई जब रतन अस्पताल की पार्किंग में खड़ी एक लग्जरी कार पर गोली लगने का मामला सामने आया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
अस्पताल के मालिक डॉ. सुबीत रतन ने बताया कि उनकी कार रोजाना की तरह अस्पताल परिसर की पार्किंग में खड़ी थी। शनिवार सुबह जब ड्राइवर गाड़ी साफ करने पहुंचा तो उसने देखा कि कार का फ्रंट विंडशील्ड बुरी तरह से टूटा हुआ है। इसके बाद जब आसपास जांच की गई तो गाड़ी के पास से एक जिंदा कारतूस का खोल बरामद हुआ, जिससे यह साफ हो गया कि वहां फायरिंग हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। पुलिस ने बरामद कारतूस के खोल को कब्जे में लेकर जांच के लिए लैब भेज दिया है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किस दिशा से चलाई गई और इसके पीछे हमलावर का क्या मकसद था। शुरुआती जांच में पुलिस इसे हवाई फायरिंग की आशंका से भी जोड़कर देख रही है, क्योंकि डॉ. सुबीत रतन ने किसी भी पुरानी रंजिश या दुश्मनी से इनकार किया है।
पुलिस अब अस्पताल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह किसी का जानबूझकर किया गया हमला था या फिर किसी की लापरवाही का नतीजा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।