वर्ल्ड कप फाइनल की हार का दर्द बयां कर भावुक हुए मेसी, बोले- इस घाव को भरने में समय लगेगा
स्पेन से 1-0 की हार के बाद अर्जेंटीना कप्तान ने कहा- टीम की उपलब्धि पर गर्व, पूरे देश के समर्थन के लिए जताया आभार
ब्यूनस आयर्स: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन के हाथों मिली 1-0 की हार के बाद अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि इस हार का दर्द बहुत गहरा है और इससे उबरने में समय लगेगा। खिताबी मुकाबले में फेरान टोरेस द्वारा एक्स्ट्रा टाइम में किए गए गोल ने अर्जेंटीना की उम्मीदों को झटका दिया और स्पेन को विश्व चैंपियन बना दिया।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेसी को उम्मीद थी कि उनकी टीम एक बार फिर विश्व कप का खिताब जीतने में सफल रहेगी, लेकिन फाइनल में किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। 39 वर्षीय मेसी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह हार लंबे समय तक याद रहेगी, लेकिन वह टूर्नामेंट के दौरान टीम द्वारा बनाए गए शानदार पलों और यादों को भी संजोकर रखेंगे।
मेसी ने कहा, “दर्द बहुत गहरा है और इस घाव को भरने में समय लगेगा। लेकिन मैं उन सभी अच्छी यादों को भी संजोकर रखूंगा। वे मुकाबले, जिन्हें हमने पूरी ताकत के साथ पलटा, और पूरे देश का समर्थन हमेशा हमारे साथ रहेगा।”
अर्जेंटीना ने ग्रुप चरण में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए आसानी से अगले दौर में जगह बनाई थी। इसके बाद टीम ने नॉकआउट चरण के चार मुकाबलों में देर से किए गए निर्णायक गोलों की बदौलत जीत दर्ज कर फाइनल तक का सफर तय किया। मेसी ने टूर्नामेंट में कुल आठ गोल किए और चार असिस्ट भी दिए। उनके प्रदर्शन को देखते हुए कई फुटबॉल विशेषज्ञों का मानना था कि उन्हें टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के ‘गोल्डन बॉल’ पुरस्कार का मजबूत दावेदार माना जा रहा था।
बार्सिलोना और पेरिस सेंट-जर्मेन के पूर्व स्टार खिलाड़ी ने अपने साथियों की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि लगातार दो विश्व कप फाइनल में पहुंचना किसी भी टीम के लिए बड़ी उपलब्धि है और इस टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अद्भुत जज्बा दिखाया।
मेसी ने अपने संदेश में अर्जेंटीना के प्रशंसकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि पूरे देश ने एकजुट होकर टीम का समर्थन किया। उन्होंने कहा, “हर शुभकामना और संदेश के लिए दिल से धन्यवाद। हम एक देश के रूप में फिर एकजुट हुए और अर्जेंटीना होने का गर्व महसूस किया।” इसके साथ ही मेसी ने स्पेन को विश्व कप जीतने पर बधाई भी दी।