Skip to content

जालंधर की भगत सिंह कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम टीम का विरोध, जमकर चले ईंट-पत्थर; महिला समेत दो हिरासत में

जालंधर की भगत सिंह कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम टीम का विरोध, जमकर चले ईंट-पत्थर; महिला समेत दो हिरासत में
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

जालंधर की भगत सिंह कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम टीम का विरोध, जमकर चले ईंट-पत्थर; महिला समेत दो हिरासत में

जालंधर: शहर की भगत सिंह कॉलोनी में अवैध कब्जे हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को बुधवार को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। जेसीबी मशीन से खोखे हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर हाथापाई भी हुई।

मिली जानकारी के अनुसार, नगर निगम की टीम भगत सिंह कॉलोनी में सड़क किनारे लगाए गए दो खोखों को हटाने पहुंची थी। जैसे ही जेसीबी से कार्रवाई शुरू हुई, वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों तरफ से पथराव होने लगा।

घटना के दौरान कुछ लोगों ने एक प्रवासी व्यक्ति को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। वहीं, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक महिला भी पत्थर फेंकती दिखाई दे रही है। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही थाना नंबर-1 की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।

पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें खोखे का मालिक भी शामिल बताया जा रहा है।

दूसरी ओर, कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों का आरोप है कि नगर निगम की टीम बिना किसी पूर्व नोटिस के खोखे हटाने पहुंच गई। हालांकि, भारी विरोध और हंगामे के बावजूद निगम अधिकारियों ने कार्रवाई जारी रखी और जेसीबी की मदद से दोनों खोखों को हटा दिया।

कार्रवाई के बाद उठे सवाल: क्या नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने से पहले नियमानुसार नोटिस और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की थी? वहीं, सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने और पथराव करने के आरोपों की भी पुलिस जांच करेगी। मामले में दोनों पक्षों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।