लुधियाना में नौसिखिए चालक की लापरवाही से दर्दनाक हादसा, 5 लोगों को कुचला; सब्जी विक्रेता की मौत
लुधियाना: शहर के ईसा नगरी पुली इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार चलाना सीख रहे एक नौसिखिए चालक ने सार्वजनिक सड़क पर वाहन चलाते समय नियंत्रण खो दिया और राहगीरों तथा दोपहिया वाहन सवारों को अपनी चपेट में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईसा नगरी पुली के पास एक निजी स्कूल होने के कारण सुबह करीब 8 बजे सड़क पर काफी भीड़ थी। इसी दौरान फील्ड गंज निवासी 20-22 वर्षीय तमनजोत सिंह अपनी सेडान कार से ड्राइविंग की प्रैक्टिस कर रहा था। आरोप है कि अचानक सामने भीड़ आने पर चालक घबरा गया और ब्रेक लगाने के बजाय एक्सीलेटर दबा दिया, जिससे कार बेकाबू हो गई।
बेकाबू कार ने कई राहगीरों को टक्कर मारने के बाद सामने से आ रहे सब्जी विक्रेता जगतार सिंह गोशा की स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद भी चालक ने कार रोकने के बजाय आगे बढ़ाने की कोशिश की, जिससे जगतार सिंह करीब 50 मीटर तक कार के साथ घिसटते चले गए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक गांव ससराली कॉलोनी (बूथगढ़) के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद कार में सवार चालक का एक साथी मौके से फरार हो गया। वहीं, गुस्साए लोगों ने कार चालक तमनजोत सिंह की पिटाई कर दी।
सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-3 के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बड़ा सवाल: सार्वजनिक सड़कों पर बिना पर्याप्त प्रशिक्षण और नियंत्रण के ड्राइविंग प्रैक्टिस करना कितना सुरक्षित है? इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और नौसिखिए चालकों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।