लक्की ठाकुर हत्याकांड में नया मोड़: नरिंदर थापर के दोनों बेटे पहुंचे थाना नंबर-4, सरेंडर करने का किया दावा
जालंधर: मोहल्ला मधुबनपुरा में हुए लक्की ठाकुर हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है। मामले में छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आज नरिंदर थापर के दोनों बेटे थाना नंबर-4 पहुंचे। दोनों भाइयों ने पुलिस के सामने सरेंडर करने का दावा किया है। इस घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों भाई खुद थाने पहुंचकर सरेंडर करने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपने पिता नरिंदर थापर को इस पूरे मामले में बेगुनाह बताया है।
वहीं, मामले को लेकर एसीपी ओंकार सिंह बराड़ ने कहा कि उन्हें नरिंदर थापर के बेटों के सरेंडर करने संबंधी कोई जानकारी नहीं है।
गौरतलब है कि पुलिस इस हत्याकांड में पहले ही नरिंदर थापर, दीपक राणा, जशपाल बजाज, राहुल, गुरदीप सिंह और गुड़िया को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी नरिंदर थापर के खिलाफ पहले से अलग-अलग मामलों में 12 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दीपक राणा के खिलाफ भी दो मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद नरिंदर थापर के दोनों बेटों के थाने पहुंचने और सरेंडर का दावा करने से लक्की ठाकुर हत्याकांड एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।