तरनतारन में महिला सरपंच और उसके पति पर फायरिंग, पति घायल; दो सगे भाइयों पर केस दर्ज
तरनतारन (Vikas Moudgil): तरनतारन जिले में महिला सरपंच और उसके पति पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। गांव डालेके के सरकारी हाई स्कूल के पास दो आरोपियों ने कथित तौर पर महिला सरपंच और उसके पति पर गोलियां चलाईं। इस घटना में सरपंच का पति सुखबीर सिंह गोली लगने से घायल हो गया, जबकि हमलावर उसकी पत्नी से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में सुखबीर सिंह पुत्र चरण सिंह निवासी नया गांव डालेके ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करता है और उसकी पत्नी मनजीत कौर गांव की मौजूदा सरपंच है। उसके अनुसार, 24 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल नंबर PB46-AQ-5931 पर गांव डालेके से तरनतारन शहर जा रहा था।
जब वे सरकारी हाई स्कूल के पास पहुंचे तो मंगल सिंह उर्फ मांगा पुत्र लक्खा सिंह निवासी पलासौर कलां बुलेट मोटरसाइकिल पर उनके पीछे आया और उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और झगड़ा शुरू हो गया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, मंगल सिंह ने फोन करके अपने भाई उधम सिंह उर्फ उदय को मौके पर बुला लिया। कुछ देर बाद उधम सिंह भी बुलेट मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा और कथित तौर पर अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की से पिस्तौल निकालकर सुखबीर सिंह पर दो गोलियां चला दीं। इनमें से एक गोली उसकी दाहिनी एड़ी में लगी। जान बचाने के लिए सुखबीर सिंह पास खड़ी कार के पीछे छिप गया। आरोप है कि इसके बाद उधम सिंह ने उसे और उसकी पत्नी को डराने के लिए हवा में 2-3 गोलियां भी चलाईं।
शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान जब मनजीत कौर ने अपने बेटे गुरनिशान सिंह को फोन किया तो उधम सिंह ने उस पर पिस्तौल तानकर धमकाया। इसी दौरान मंगल सिंह ने कथित तौर पर उसका रेडमी मोबाइल फोन छीन लिया। झगड़े में सुखबीर सिंह के आगे के दो दांत भी टूट गए और आरोपियों ने उसकी मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
इसी बीच सुखबीर सिंह का बेटा गुरनिशान सिंह और उसका भतीजा गुरजिंदर सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्हें आता देखकर दोनों आरोपी कथित तौर पर हथियारों सहित बुलेट मोटरसाइकिल पर फरार हो गए।
नशा तस्करी के मामले को लेकर रंजिश का आरोप
सुखबीर सिंह ने पुलिस को बताया कि गांव जोड़ा निवासी अमृतपाल सिंह को नशा बेचने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मंगल सिंह और उधम सिंह उसे अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी के लिए जिम्मेदार मानते हैं और इसी रंजिश के चलते पहले भी धमकियां दे चुके थे। इसी विवाद के कारण उस पर हमला किया गया।
इस मामले में एसएसपी सुरिंदर लांबा ने बताया कि पुलिस ने मंगल सिंह उर्फ मांगा और उसके भाई उधम सिंह उर्फ उदय, दोनों पुत्र लक्खा सिंह निवासी पलासौर कलां के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।