आप नेता के भतीजे समेत तीन युवकों पर घर और बुटीक पर हमला करने का आरोप, एक आरोपी काबू
जालंधर, 11 जून: शहर के न्यू गोबिंद नगर इलाके में बुधवार देर रात जमकर हंगामा और गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। बाइक पर सवार तीन युवकों ने एक घर और उससे सटे बुटीक के शटर पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपियों में से एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया, जिसकी पहचान निखिल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक आम आदमी पार्टी (आप) नेता का भतीजा है।
पुलिस को दी शिकायत में रविंदर जीत कौर पत्नी नरिंदर सिंह निवासी न्यू गोबिंद नगर ने बताया कि वह अपने घर के साथ ही बुटीक का कारोबार चलाती हैं। उनके अनुसार बुधवार रात तीन युवक बाइक पर सवार होकर आए और उनके घर के मुख्य गेट तथा बुटीक के शटर पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने उनके बेटे को ललकारते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार शोर सुनकर जब परिवार के सदस्य बाहर आए तो हमलावर मौके से फरार होने लगे। इसी दौरान कुछ दूरी पर सड़क पर पड़ी ईंटों से टकराकर उनकी बाइक असंतुलित हो गई, जिससे आरोपी गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने बाइक पर पीछे बैठे निखिल को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। उसके पास से एक तेजधार हथियार भी बरामद होने की बात कही जा रही है।
घटना के दौरान इलाके में फायरिंग होने की चर्चा भी रही, लेकिन शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में गोली चलने का कोई आरोप नहीं लगाया है।
सूचना मिलने पर थाना-8 की पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल करवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।