चंडीगढ़, 30 अप्रैल:
आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रदेश मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने शिरोमणि अकाली दल पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने वाला अकाली दल खुद अपराधियों और गैंगस्टरों को संरक्षण देने में लगा हुआ है।
पन्नू ने कहा कि अकाली दल एक तरफ शांति और कानून-व्यवस्था की बात करता है, जबकि दूसरी ओर एक बदनाम गैंगस्टर की पत्नी को ‘चुनाव क्षेत्र इंचार्ज’ बनाकर राजनीतिक ताकत सौंप रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी लगातार गैंगस्टरों के करीबियों को मुख्यधारा की राजनीति में स्थापित करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अकाली दल में ईमानदार कार्यकर्ताओं की इतनी कमी हो गई है कि पार्टी चलाने के लिए गैंगस्टरों के परिवारों का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने इसे पंजाब के लोगों के साथ सीधा धोखा करार दिया।
हालिया घटनाक्रम का जिक्र करते हुए पन्नू ने कहा कि कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के माता-पिता के खिलाफ जबरन वसूली के गंभीर मामले में केस दर्ज हुआ था। जब उन्होंने इस कार्रवाई के खिलाफ पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, तो अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी। पन्नू ने आरोप लगाया कि इस मामले में परिवार की ओर से पेश होने वाले वकील अकाली दल से जुड़े हुए थे, जिससे पार्टी का दोहरा चेहरा उजागर हो गया।
उन्होंने कहा कि एक ओर अकाली दल सरकार को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेरने का प्रयास करता है, वहीं दूसरी ओर कानून तोड़ने वालों की ढाल बनकर खड़ा हो जाता है। पन्नू ने आरोप लगाया कि अपराधियों को पार्टी में शामिल करना और उन्हें अहम जिम्मेदारियां देना इस बात का प्रमाण है कि अकाली दल की सहानुभूति असामाजिक तत्वों के साथ रही है।
पन्नू ने अंत में कहा कि पंजाब के लोग अब अकाली दल के इस “दोहरे और डरावने चेहरे” को पहचान चुके हैं और समय आने पर इसका जवाब देंगे।