जालंधर/आदमपुर: भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण (AAI) ने देशभर के हवाई अड्डों पर यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से 7 नई सेवाओं की शुरुआत की है। इन सेवाओं का उद्घाटन केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने राजकोट अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से किया।
इसी क्रम में श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा आदमपुर पर भी यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं की शुरुआत की गई है। यहां किड्स जोन, फ्लाईब्ररी और निशुल्क वाई-फाई जैसी सुविधाएं शुरू की गई हैं, जो यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाएंगी।
किड्स जोन में एक समय में लगभग 20 बच्चे खेल सकेंगे, जिससे परिवार के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। वहीं, फ्लाईब्ररी के लिए भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से करीब 2000 पुस्तकों की व्यवस्था की गई है, ताकि यात्री अपने इंतजार के समय का सदुपयोग कर सकें।
इस अवसर पर आदमपुर के विधायक सुखविंदर सिंह कोटली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पूर्व विधायक सुशील कुमार रिंकू ने अपनी शुभकामनाएं भेजीं।
एयरपोर्ट डायरेक्टर पुष्पेंद्र कुमार निराला ने बताया कि इन नई सुविधाओं से हर साल लगभग 1.75 लाख यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आदमपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है और इस तिमाही में पिछले वर्ष के मुकाबले दोगुनी बढ़ोतरी की उम्मीद है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष मुंबई के लिए सीधी उड़ान शुरू होने के बाद अब कोपनहेगन, एम्स्टर्डम और मैनचेस्टर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट्स की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय यात्रा और अधिक सुगम हो गई है।