जालंधर : शहर के 66 फुटी रोड स्थित जालंधर हाईट्स फ्लैट में कैंब्रिज स्कूल की 9वीं कक्षा की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 14 वर्षीय भूविका के रूप में हुई है, जो कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ती थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस फिलहाल मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, जबकि परिजनों ने बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
मृतका के पिता के अनुसार उनकी बेटी कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, बारादरी में 9वीं कक्षा की छात्रा थी और रोजाना स्टेट फेस-2 स्थित स्कूल की ब्रांच में टेनिस खेलने जाती थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 4 बजे वह अपनी बेटी को स्कूल छोड़कर आए थे।
पिता ने बताया कि करीब साढ़े पांच बजे उन्हें फोन आया कि उनकी बेटी ने जालंधर हाईट्स फ्लैट में छत से कूदकर आत्महत्या कर ली है। परिवार का कहना है कि उनकी बेटी ऐसा कदम नहीं उठा सकती और उन्हें शक है कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।