लुधियाना। Ludhiana के जमालपुर इलाके में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए शरारती तत्वों ने पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला कर दिया। चौकी रामगढ़ के पास नाकाबंदी के दौरान एक्टिवा सवार दो युवकों ने एक हेड कांस्टेबल पर दातर से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल पुलिसकर्मी की पहचान हेड कांस्टेबल दलवीर सिंह के रूप में हुई है, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए Fortis Hospital में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जांच अधिकारी के अनुसार, 29 अप्रैल को हेड कांस्टेबल दलवीर सिंह अपनी टीम—पीएचजी सुरिंदर मोहन और गोल्डी—के साथ बुड्ढेवाल रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक एक्टिवा (PB 10 JK 3552) पर सवार दो संदिग्ध युवक नजर आए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया गया।
चेकिंग के दौरान एक्टिवा के पीछे बैठे युवक ने अचानक दातर निकालकर हेड कांस्टेबल दलवीर सिंह के सिर पर 3-4 वार कर दिए, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान करन सिंह और गगनदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।