जालंधर: शहर के बस्ती गुजां इलाके में एक युवक द्वारा पैदल जा रही एक लड़की से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार एक्टिवा सवार युवक ने लड़की से पता पूछने के बहाने उससे बात की और इसी दौरान कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ की।
घटना के बाद इलाके में हंगामा खड़ा हो गया। जैसे ही इस घटना की जानकारी लड़की के परिजनों और स्थानीय लोगों को मिली, उन्होंने आरोपी युवक को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने मौके पर ही उसकी जमकर पिटाई कर दी और उसकी ‘छित्तर परेड’ कर दी।
बताया जा रहा है कि लड़की के भाइयों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे काबू कर लिया। इसके बाद लोगों ने उसे सबक सिखाने के लिए पीट दिया।
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग युवक की पिटाई करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि पुलिस को भी मामले की सूचना दे दी गई है और पुलिस द्वारा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।