• Saturday, 10 October 2026
Logo Logo
Advertisement
जालंधर के गुरु नानकपुरा वैस्ट में चाकूबाजी से मौत, इलाज के दौरान दविंदर सिंह ने तोड़ा दम

10 Oct 2026 | 110 Views

जालंधर के गुरु नानकपुरा वैस्ट में चाकूबाजी से मौत, इलाज के दौरान दविंदर सिंह ने तोड़ा दम

पत्नी के बयानों पर रूबी के खिलाफ FIR नंबर 180 दर्ज, आरोपी गिरफ्तार; पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू किया बरामद

जालंधर (Vikas Moudgil): जालंधर के गुरु नानकपुरा वैस्ट स्थित चौगिट्टी इलाके में चाकू से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मकान नंबर 301/बी में रहने वाले दविंदर सिंह पुत्र लाभ सिंह पर पेट में चाकू से वार किया गया था। गंभीर हालत में उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन देर रात उनकी मौत हो गई।

मामले में थाना रामा मंडी पुलिस ने मृतक की पत्नी जसवीर कौर के बयानों के आधार पर रूबी नामक आरोपी के खिलाफ एफआईआर नंबर 180 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, हमले के तुरंत बाद जसवीर कौर अपने पति को उपचार के लिए पिम्स अस्पताल लेकर पहुंचीं। वहां से उन्हें ऑक्सफोर्ड अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कथित तौर पर वहां इलाज नहीं हो सका। इसके बाद वे दोबारा पिम्स अस्पताल पहुंचीं, जहां से कोई राहत नहीं मिलने पर दविंदर सिंह को श्री राम अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही और देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।

आरोपी को अदालत में पेश कर लिया पुलिस रिमांड

थाना रामा मंडी के एसआई सुखदेव ने आरोपी रूबी को अदालत में पेश किया, जहां से पुलिस को एक दिन का रिमांड मिला है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरुआत में दविंदर सिंह पर हमले के मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत कार्रवाई की थी। उनकी मौत के बाद मामले में हत्या से संबंधित धारा 103 BNS जोड़े जाने की जानकारी दी गई है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव

दविंदर सिंह का शुक्रवार सुबह सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की बात कही गई है। पुलिस अब मामले की आगे की जांच और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Published on: 10 Oct 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News