जालंधर के जमशेर में पुलिस-शूटर मुठभेड़, आरोपी कुलबंत सिंह गोपा घायल
जालंधर के जमशेर इलाके में पुलिस और एक शातिर शूटर के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, हाल ही में फगवाड़ा स्थित सुधीर स्वीट्स पर फायरिंग करने वाले आरोपी कुलबंत सिंह उर्फ गोपा का पुलिस से आमना-सामना हो गया।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी जालंधर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। इसी दौरान पुलिस को उसकी मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद सी.आई.ए. स्टाफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसका पीछा शुरू किया।
बताया जा रहा है कि पीछा करने के दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई। इस क्रॉस फायरिंग में कुलबंत सिंह गोपा गोली लगने से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गौरतलब है कि फगवाड़ा में सुधीर स्वीट्स पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली थी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का संबंध सोनू खत्री गैंग से था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी से पूछताछ के बाद कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।