जालंधर। शहर के वेरका मिल्क प्लांट चौक के पास कार निकालने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। इस मामले में मशहूर सूफी गायिका Jyoti Nooran के पति अभिषेक उस्मान का नाम सामने आया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक उस्मान और उनके साथियों की कार का एक राहगीर की कार से रास्ता देने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
कालीया कॉलोनी निवासी सतिंदर पाल ने आरोप लगाया कि वह अपनी कार से वेरका मिल्क प्लांट की ओर जा रहे थे और उन्होंने इंडिकेटर भी दिया हुआ था। इसी दौरान दूसरी कार में सवार 4-5 युवकों ने कथित तौर पर उन्हें गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने अपने बेटे को मौके पर बुलाया तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया।
पिता-पुत्र ने आरोप लगाया है कि उन पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया। उन्होंने घटना की वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड की, जिसे बाद में पुलिस को सौंप दिया गया।
घटना में दोनों पक्षों के दो-दो लोग घायल हुए हैं। घायल पिता-पुत्र उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे और बाद में थाना नंबर-1 में शिकायत दर्ज करवाई। पीड़ितों का आरोप है कि पीसीआर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद आरोपी युवक हथियार लेकर मौके से चले गए।
वहीं, दूसरे पक्ष ने मीडिया के सामने कोई बयान देने से इनकार कर दिया है।
थाना नंबर-1 के एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।