कांग्रेस का हफ्ते भर चला राजनीतिक ड्रामा बिना बदलाव के खत्म, अंदरूनी कलह उजागर: बलतेज पन्नू
चंडीगढ़, 11 जुलाई: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का हफ्ते भर चला राजनीतिक ड्रामा बिना किसी बदलाव के समाप्त हो गया, जिससे पार्टी की अंदरूनी उथल-पुथल और दिशाहीनता खुलकर सामने आ गई।
वीडियो बयान जारी करते हुए बलतेज पन्नू ने कहा कि कांग्रेस अपने संगठन में किसे जिम्मेदारी देती है और अपने आंतरिक मामलों को कैसे चलाती है, यह उसका निजी विषय है। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से पंजाब की राजनीति में बैठकों और अटकलों का दौर ही चर्चा का विषय बना रहा, लेकिन अंत में कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया।
उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल पंजाब में छुट्टियां मनाने आए थे। कई दिनों तक चली बैठकों और राजनीतिक चर्चाओं के बावजूद पार्टी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी, जिससे उसके भीतर मौजूद मतभेद स्पष्ट दिखाई देते हैं।
बलतेज पन्नू ने व्यंग्य करते हुए कहा कि किसी ने उनसे मजाक में कहा कि जैसे ही भूपेश बघेल को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के पंजाब लौटने की जानकारी मिली, वे तुरंत दिल्ली रवाना हो गए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस समय अंदरूनी विवाद और सत्ता संघर्ष में उलझी हुई है, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार राज्य के लोगों के कल्याण और सुशासन पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित किए हुए है। पन्नू ने दावा किया कि पंजाब की जनता कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति को देख रही है और यह समझ रही है कि कौन-सी पार्टी राज्य की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।