• Tuesday, 18 August 2026
Logo Logo
Advertisement
लोधी क्लब रोड पर युवक से दातर के बल पर लूट, नकदी और मोबाइल छीनकर फरार हुए बदमाश

18 Aug 2026 | 7 Views

लोधी क्लब रोड पर युवक से दातर के बल पर लूट, नकदी और मोबाइल छीनकर फरार हुए बदमाश

लोधी क्लब रोड पर युवक से दातर के बल पर लूट, नकदी और मोबाइल छीनकर फरार हुए बदमाश

लुधियाना में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। महानगर के लोधी क्लब रोड पर हथियारबंद लुटेरों ने एक युवक पर हमला कर उससे नकदी, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 17 अगस्त को वह अपने दोस्त यश के साथ लोधी क्लब रोड स्थित न्यू बीआरएस नगर के पास रेलवे लाइन के नजदीक अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के टायर में हवा भरवा रहा था। इसी दौरान वहां एक सफेद रंग की कार आकर रुकी, जिसमें तीन युवक सवार थे।

कार रुकते ही उसमें से दो युवक बाहर निकले और सीधे शिकायतकर्ता की ओर बढ़े। आरोप है कि दोनों ने बिना किसी बातचीत के लोहे के तेजधार दातर के उल्टे हिस्से से उसकी पीठ पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से युवक घबरा गया। इसके बाद आरोपियों ने जबरन उसकी जेब से पर्स निकाल लिया, जिसमें करीब 3,000 रुपये नकद और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।

लुटेरों ने पीड़ित का काले रंग का स्मार्टफोन भी छीन लिया और वारदात को अंजाम देने के बाद अपनी सफेद कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने अपने स्तर पर जांच-पड़ताल की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान दो आरोपियों की पहचान संदीप कुमार और हरप्रीत सिंह के रूप में हुई।

शिकायतकर्ता के बयानों और प्रारंभिक जांच के आधार पर थाना दुगरी पुलिस ने संदीप कुमार, हरप्रीत सिंह और उनके एक अज्ञात साथी के खिलाफ लूटपाट और मारपीट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही लूटा गया सामान बरामद करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है और स्थानीय निवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Published on: 18 Aug 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News