इंसानियत को तार-तार कर देने वाला बेहद घिनौना और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी दरिंदे ने अपनी हवस का शिकार बनाने के लिए मात्र 11 महीने की दूधमुंही मासूम बच्ची को भी नहीं बख्शा। झुग्गी में अकेली सो रही मासूम के साथ आरोपी संजय कुमार ने अमानवीय दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। बच्ची की रोने और चीखने की आवाज सुनकर जब मां अंदर पहुंची, तो आरोपी झुग्गी से तेजी से बाहर भागता दिखाई दिया। अंदर मासूम खून से लथपथ हालत में मिली। मां के बयानों पर थाना डेहलों की पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी संजय कुमार के खिलाफ गंभीर आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दर्ज करवाए गए आधिकारिक बयानों के अनुसार पीड़िता की मां ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती है। घटना के समय उसने अपनी 11 महीने की मासूम बच्ची को झुग्गी के अंदर सुला दिया था और स्वयं झुग्गी के ठीक बाहर घरेलू कामकाज निपटा रही थी। घर में मासूम को अकेला देखकर पड़ोस में रहने वाला आरोपी संजय कुमार मौका पाकर दबे पांव झुग्गी के भीतर दाखिल हो गया। कुछ ही देर बाद झुग्गी के भीतर से मासूम बच्ची के जोर-जोर से रोने और तड़पने की आवाजें आने लगीं। बच्ची की दर्दनाक चीखें सुनकर मां वह घबराकर तुरंत झुग्गी के अंदर दौड़ी। जैसे ही वह दरवाजे पर पहुंची, उसने देखा कि आरोपी संजय कुमार बेहद हड़बड़ाहट और घबराहट में झुग्गी से बाहर निकलकर भाग रहा था। जब अंदर पहुंची तो वहां का खौफनाक मंजर देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसकी दूधमुंही बच्ची के नीचे के कपड़े उतरे हुए थे और उसके गुप्तांग से खून बह रहा था। मासूम दर्द से बुरी तरह तड़प रही थी। मां ने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और गंभीर रूप से घायल बच्ची को उपचार व मेडिकल जांच के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा और सख्त सजा दिलाई जाएगी।