• Saturday, 1 August 2026
Logo Logo
Advertisement
पटियाला में चन्नी समर्थकों ने राजा वड़िंग का विरोध किया:'चन्नी लियाओ-कांग्रेस बचाओ' के नारे लगाए, हूटिंग की

01 Aug 2026 | 15 Views

पटियाला में चन्नी समर्थकों ने राजा वड़िंग का विरोध किया:'चन्नी लियाओ-कांग्रेस बचाओ' के नारे लगाए, हूटिंग की

पंजाब कांग्रेस में पूर्व CM चरणजीत चन्नी और प्रदेश प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग के बीच की गुटबाजी अब वर्करों में भी पहुंच गई है। शनिवार को पटियाला के समाना में कार्यक्रम के दौरान चन्नी समर्थकों ने राजा वड़िंग का विरोध कर दिया। उन्होंने वड़िंग की हूटिंग करते हुए चन्नी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।

यहां राजा वड़िंग ने जैसे ही बोलना शुरू किया तो समर्थकों ने चन्नी के हक में नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने ‘चन्नी लियाओ-पंजाब बचाओ’, 'चन्नी लियाओ-कांग्रेस बचाओ' के नारे लगाए। इससे राजा वड़िंग भड़क गए, उन्होंने पूछा कि क्यों नारे लगा रहे हो। जिसने पार्टी का प्रोग्राम खराब किया, उसके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई होगी। पूर्व CM चरणजीत चन्नी ने प्रभारी भूपेश बघेल के दौरे का बायकॉट कर रखा है। पंजाब में बूथ मजबूत करने की ये मुहिम प्रधान राजा वड़िंग की अगुआई में चलाई जा रही है। जिस वजह से चन्नी और उनके साथ चल रहे सांसद सुखजिंदर रंधावा भी इस मुहिम से दूर हैं। कल शुक्रवार को भी फतेहगढ़ साहिब में हुए कार्यक्रम में चन्नी नहीं पहुंचे थे। यहां सिर्फ राजा वड़िंग व उनके गुट के नेता ही मौजूद थे। यहां प्रधान राजा वड़िंग ने दावा किया था कि AAP के 6 सांसदों के बाद अब 40 से 45 विधायक भी पार्टी छोड़ सकते हैं, उन्हें लग रहा है कि 2027 के चुनाव में उनकी टिकट काटी जा सकती है। इस बारे में सीक्रेट मीटिंग भी हो चुकी है। 

राजा वड़िंग को दोबारा पंजाब कांग्रेस की कमान सौंपे जाने के बाद से पंजाब कांग्रेस की अंतरकलह सार्वजनिक मंचों पर सामने आई। पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और उनके समर्थक नेताओं का मानना है कि पंजाब में लगभग 32 फीसदी दलित आबादी को ध्यान में रखते हुए पार्टी को आगामी चुनावों से पहले मुख्यमंत्री के चेहरे या मजबूत नेतृत्व को लेकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। हाल ही में बंद कमरे में भूपेश बघेल के साथ हुई बैठकों के बाद चन्नी के बयानों ने इस गुटबाजी को और सार्वजनिक कर दिया।

दूसरी ओर, आक्रामक शैली और युवाओं में पकड़ रखने वाले राजा वड़िंग का तर्क है कि पार्टी आलाकमान का निर्णय सर्वोपरि है। उन्होंने हालिया बयानों में यह स्पष्ट किया कि यदि आलाकमान कल उन्हें पद से हटा भी दे या टिकट न दे, तब भी वे सच्चे सिपाही की तरह कांग्रेस के साथ रहेंगे।

प्रभारी बघेल का बूथ अभियान के बहाने मिशन पैचअप

पंजाब कांग्रेस की गुटबाजी को दूर करने के लिए प्रभारी भूपेश बघेल ने चंडीगढ़ और फतेहगढ़ साहिब का लगातार दौरा कर सीनियर नेताओं के साथ मैराथन मीटिंग्स की हैं। बघेल ने चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रताप सिंह बाजवा और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ वन टू वन भी बात की। मिशन पैचअप से इनकार करते हुए बघेल ने गुटबाजी पर कहा कि विचार-विमर्श लोकतंत्र का हिस्सा है। पंजाब में कांग्रेस एकजुट होकर लड़ेगी और पार्टी का मुख्य चेहरा राहुल गांधी रहेंगे।

Published on: 01 Aug 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News