पटियाला में ड्रम से युवती का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका; ‘नेहा’ नाम के टैटू से पहचान में जुटी पुलिस
पंजाब के पटियाला शहर के अर्बन स्टेट इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब डीसीडब्ल्यू पोल के पास एक नीले रंग के ड्रम में अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ। घटना की खबर मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर अर्बन स्टेट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के इरादे से ड्रम में बंद कर सुनसान स्थान पर फेंका गया। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतका की उम्र करीब 15 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रम वहां कौन लेकर आया और इस वारदात में किन लोगों का हाथ हो सकता है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी गुरविंदर सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि डीसीडब्ल्यू पोल के पास एक ड्रम में इंसानी शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान ड्रम के अंदर से एक युवती का शव बरामद किया गया। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है।
टैटू से पहचान की कोशिश
पुलिस के अनुसार मृतका के एक हाथ पर “नेहा” नाम का टैटू बना हुआ है, जबकि दूसरी बांह पर दिल के निशान का टैटू मिला है। पुलिस का मानना है कि इन टैटू की मदद से युवती की पहचान करने में सहायता मिल सकती है।
शव को सरकारी राजिंदरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं पुलिस आसपास के इलाकों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।